IPL 2024: पोलार्ड-डेविड को डगआउट से इशारे करना पड़ा महंगा, BCCI की गिरी गाज; जानें पूरा मामला
पिछले मैच में जीत के बाद मुंबई इंडियंस खेमे में खुशी का माहौल है, लेकिन इस बीच टीम के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड और स्टार ऑलराउंडर टिम डेविड पर गाज गिरी है।
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2024: 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) इस सीजन काफी मशक्कत करती नजर आ रही है। हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की अगुवाई वाली इस टीम ने अब तक 7 मैच खेले हैं, जिसमें 3 जीते हैं और 4 हारे हैं। मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को सीजन की पहली जीत 3 मैचों बाद मिली थी।
मुंबई ने फिर लगातार दो जीत दर्ज की, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मैच गंवा दिया, हालांकि पिछले मैच में टीम ने वापसी की। पंजाब किंग्स (Punjab Kings) को हराकर मुंबई ने अपना तीसरा मैच जीता। इस जीत के साथ मुंबई का खेमा खुश है, लेकिन टीम के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) और स्टार ऑलराउंडर टिम डेविड (Tim David) मुसीबत में हैं। दरअसल इन दोनों पर BCCI की गाज गिरी है और सख्त एक्शन लिया गया है। क्या है पूरा मामला, आइए आपको बताते हैं।
पोलार्ड-डेविड पर क्यों और क्या कार्रवाई हुई?
बता दें कि कीरोन पोलार्ड और टिम डेविड को IPL कोड ऑफ कंडक्ट का दोषी पाया गया है। इन दोनों के खिलाफ डगआउट से मैदान पर मौजूद बल्लेबाज को इशारे करने को लेकर कार्रवाई हुई है। मामला 18 अप्रैल को मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेले मुकाबले का है। मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज टिम डेविड और बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड पर इस मैच के दौरान IPL की आचार संहिता के उल्लंघन का दोष सिद्ध हुआ है। लिहाजा उन पर जुर्माना लगाया गया है।
Advertisement
IPL की ओर से जारी बयान में कहा गया-
डेविड और पोलार्ड ने IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.20 के तहत लेवल 1 का अपराध किया। डेविड और पोलार्ड पर उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। दोनों ने अपनी गलती मानी है और मैच रेफरी की ओर से लगाए गए जुर्माने को स्वीकार किया है। आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए मैच रेफरी का फैसला अंतिम है।
बता दें कि ये फैसला अंपायर नंद किशोर, विनीत कुलकर्णी, नितिन मेनन (थर्ड अंपायर) और मैच रेफरी संजय वर्मा की ओर से स्वत: संज्ञान लिए जाने के बाद लिया गया है, जिन्होंने मैच के अगले दिन जुर्माना लगाने से पहले टीवी फुटेज चेक की।
Advertisement
सूर्यकुमार ने वाइड बॉल के लिए लिया था रिव्यू
दरअसल हुआ यूं था कि मुंबई इंडियंस के दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने पंजाब किंग्स के खिलाफ इस मैच में 15वें ओवर में अर्शदीप सिंह की एक गेंद पर वाइड बॉल का रिव्यू लिया था। सूर्यकुमार (Suryakumar) ने बिल्कुल आखिरी मिनट पर ये DRS लिया था, जिसके बाद प्रतिद्वंद्वी टीम के कप्तान सैम करन ने अंपायरों से स्पष्टता मांगी कि क्या 15 सेकंड की समय सीमा समाप्त नहीं हुई है। BCCI सूत्रों के मुताबिक पहले अंपायर्स को यकीन था कि बल्लेबाज ने डगआउट से मिले सिग्नल के आधार पर DRS नहीं लिया। नहीं तो वो इसकी मंजूरी नहीं देते।
बता दें कि प्लेइंग कंडीशंस कहती हैं कि ड्रेसिंग रूम से मैदान पर मौजूद खिलाड़ी को सिग्नल नहीं दिया जाना चाहिए, लेकिन पोलार्ड और टिम डेविड ने इशारा किया, जिसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। मामले के तूल पकड़ता देख अंपायर्स ने फुटेज चेक की, जिसमें पोलार्ड और डेविड दोषी पाए गए। नतीजतन अब उन पर कार्रवाई की गई है।