IPL 2024 में जल्द टूट सकता है एक और रिकॉर्ड, आरसीबी फिनिशर दिनेश कार्तिक को नही होगी कोई हैरानी

जल्द ही अगर 300 रन का स्कोर पार हो जायेगा तो हैरानी नहीं होगी : कार्तिक

Dinesh Karthik
Dinesh Karthik | Image: IPL Official Site

IPL 2024: अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पिछले 17 साल में बल्लेबाजी के बढ़ते स्तर पर ध्यान दिलाते हुए शनिवार को कहा कि जल्द ही लीग में 300 रन का स्कोर भी पार कर लिया जायेगा।

आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर सनराइजर्स हैदराबाद के नाम है जो उसने रॉयल चैलेंजर्स बेगलुरु के खिलाफ तीन विकेट पर 287 रन बनाकर हासिल किया था। वहीं टी20 के इतिहास में 300 रन का स्कोर सिर्फ एक बार ही बना है जो नेपाल ने पिछले साल हांग्झोउ एशियाई खेलों में मंगोलिया के खिलाफ तीन विकेट पर 314 रन बनाया था।

कार्तिक ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के होने वाले मुकाबले की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘मुझे लगता है कि स्कोर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। यह बहुत ऊपर होता जा रहा है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया भर में इस प्रारूप में खेले जा रहे टूर्नामेंट के इतिहास में आईपीएल के पहले 32 मैच में 250 रन की संख्या सबसे ज्यादा है। इससे पता चलता है कि खिलाड़ी बहुत अधिक निडर हो रहे हैं। खिलाड़ी बहुत अधिक सीमायें लांघ रहे हैं। अगर 300 रन का आंकड़ा बहुत जल्द या फिर इसी साल (के आईपीएल में) ही पार हो जाये तो मुझे हैरानी नहीं होगी। ’’

कार्तिक ने कहा कि ‘इम्पैक्ट’ खिलाड़ी नियम ने टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दी है। उन्होंने कहा, ‘‘इस नियम से आपकी बल्लेबाजी में गहराई आ रही है जिससे गेंदबाजों पर काफी दबाव बन रहा है। काफी युवा खिलाड़ी शॉट खेलने की आजादी से स्वच्छंद हो गये हैं और वे कुछ शानदार शॉट्स खेल रहे हैं। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप इस टूर्नामेंट के पिछले 17 साल को देखो तो बल्लेबाजी का स्तर कितना अवास्तविक हो गया है, यह कितनी अच्छी तरह से आगे बढ़ा है। ’’

Advertisement

यह भी पढ़ें- हार्दिक पांड्या का मानसिक संतुलन खराब? IPL 2024 के बीच वर्ल्ड कप विनर ने बोल दी बड़ी बात - Republic Bharat
 

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By:
 Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड