Updated March 5th, 2019 at 20:39 IST
भाजपा के विरोध के बीच सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया अस्पताल का भूमि पूजन
पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया और आसूं गैस एवं पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया।
Advertisement
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को यहां मेडिकल कॉलेज परिसर में 350 करोड़ रुपए की लागत से 1000 बिस्तरों की क्षमता वाले अस्पताल का भूमि पूजन किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम का भाजपा सांसद अनूप मिश्रा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। उनका कहना था कि इस अस्पताल का शिलान्यास पहले ही किया जा चुका है।
पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया और आसूं गैस एवं पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया।
सिंधिया द्वारा अस्पताल का शिलान्यास करने से पहले भाजपा नेता एवं मुरैना से लोकसभा सांसद अनूप मिश्रा अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे और यह कहकर विरोध करने लगे कि 2009 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह इसका शिलान्यास कर चुके हैं।
इसी बीच, सिंधिया समर्थक कांग्रेस विधायक मुन्नालाल गोयल वहां पहुंचे तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। बाद में भाजपा के लोगों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठियां चलाई और कथित तौर पर आंसू गैस के गोले दागे और पानी की बौछारों का इस्तेमाल कर भाजपा कार्यकर्ताओं को हटाया।
ग्वालियर के जिलाधीश भरत यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध को रोका गया है। इसके लिए पुलिस को लाठियां चलानी पड़ी और आंसू गैस छोड़नी पड़ी। उन्होंने कहा कि अब स्थिति शांतिपूर्ण है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) नवनीत भसीन ने कहा कि पुलिस बल का प्रयोग करके भाजपा कार्यकर्ताओं को रोका गया और हिरासत में लेकर उन्हें अस्थायी जेल में रखा गया है।
सिंधिया और प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने कहा कि भाजपा विकास का विरोध कर रही है। इतने सालों तक उसने न तो अस्पताल के लिए जमीन दी और न ही बजट का प्रावधान किया।
बाद में सांसद सिंधिया ने करीब 350 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 1000 बिस्तरों के अस्पताल का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दो मुख्यमंत्रियों - 2005 में बाबूलाल गौर और 2009 में शिवराज सिंह चौहान - ने केवल पत्थर पर नाम लिखवाने के लिए शिलान्यास किया, लेकिन जो जमीन दी, उसमें केवल 200 बेड का अस्पताल बनता। इसी साल 25 जनवरी को प्रदेश सरकार ने 9 हेक्टेयर जमीन और दी है और 30 महीने में इस अस्पताल को बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में साधौ ने कहा कि भाजपा केवल जुमलेबाजी करती है, लेकिन कांग्रेस की कथनी और करनी एक ही है। साधौ ने कहा कि अस्पताल का नामकरण स्वर्गीय माधवराव सिंधिया के नाम पर करने का प्रस्ताव कैबिनेट की बैठक में लाया जाएगा।
(इनपुट- भाषा)
Advertisement
Published March 5th, 2019 at 20:38 IST
आपकी आवाज. अब डायरेक्ट.
अपने विचार हमें भेजें, हम उन्हें प्रकाशित करेंगे। यह खंड मॉडरेट किया गया है।