Ph.D करना हुआ आसान! UGC ने दे दी बड़ी खुशखबरी- 'अब इन छात्रों को मिलेगा डायरेक्ट एडमिशन!'
यूजीसी चीफ एम जगदीश कुमार ने बताया कि 4 साल की स्नातक डिग्री वाले छात्र अब सीधे पीएचडी कर सकते हैं यदि उनके पास 75% कुल अंक या समकक्ष ग्रेड है।
- भारत
- 2 min read

पीएचडी करने की इच्छुक छात्रों के लिए यूजीसी की ओर से एक अच्छी खबर सामने आई है। यूजीसी चीफ एम जगदीश कुमार ने बताया कि 4 साल की स्नातक डिग्री वाले छात्र अब सीधे पीएचडी कर सकते हैं यदि उनके पास 75% कुल अंक या समकक्ष ग्रेड है।
उन्होंने कहा, 4 साल की स्नातक डिग्री वाले छात्र अब सीधे राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) में शामिल हो सकते हैं। यूजीसी प्रमुख ने कहा कि 4 साल की स्नातक डिग्री वाले छात्र अपने स्नातक पाठ्यक्रम के किसी भी विषय में पीएचडी कर सकते हैं।
जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के साथ या उसके बिना पीएचडी करने के लिए अभ्यर्थियों को अपने चार साल के स्नातक पाठ्यक्रम में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड की आवश्यकता होगी।
अब तक, नेट के लिए अभ्यर्थी को न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर डिग्री की आवश्यकता होती थी।
Advertisement
4 साल की स्नातक डिग्री वाले अब सीधे पीएचडी कर सकते हैं- जगदीश कुमार
कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘चार साल की स्नातक डिग्री वाले अभ्यर्थी अब सीधे पीएचडी कर सकते हैं और नेट परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। ऐसे उम्मीदवारों को जिस भी विषय में वे पीएचडी करना चाहते हैं, उसमें करने की अनुमति होगी, भले ही उन्होंने किसी भी विषय में चार वर्षीय स्नातक डिग्री प्राप्त की हो।’’
Advertisement
उम्मीदवारों के पास कुल मिलाकर न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक जरुरी- जगदीश कुमार
यूजीसी अध्यक्ष ने कहा, ‘‘चार साल या आठ सेमेस्टर के स्नातक डिग्री कार्यक्रम में उत्तीर्ण होने वाले उम्मीदवारों के पास कुल मिलाकर न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक या इसके समकक्ष ग्रेड प्राप्त होना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि यूजीसी द्वारा समय-समय पर लिए गए निर्णय के अनुसार अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर), दिव्यांग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और कुछ अन्य श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए पांच प्रतिशत अंक या इसके समकक्ष ग्रेड की छूट दी जा सकती है।
(इनपुट-पीटीआई)