Advertisement

Updated May 7th, 2024 at 22:44 IST

Lok Sabha Election 3rd Phase: उत्तर प्रदेश में 10 लोकसभा सीट पर 57.21 प्रतिशत मतदान

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10 सीट पर मंगलवार को औसत 57.21 प्रतिशत मतदान हुआ।

Home voting conducted in Jammu Lok Sabha constituency
voting | Image:PTI/ Representational
Advertisement

Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10 सीट पर मंगलवार को औसत 57.21 प्रतिशत मतदान हुआ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने बदायूं और मैनपुरी में कई स्थानों पर प्रशासन पर मतदान में धांधली कराने के गंभीर आरोप लगाए।

‘वोटर टर्नआउट ऐप’ के शाम सात बजकर 40 मिनट तक अद्यतन किये गये आंकड़ों के मुताबिक, आगरा में 53.99 प्रतिशत, एटा में 58.69, आंवला में 57.08, फतेहपुर सीकरी में 57.09, फिरोजाबाद में 57.51, बदायूं में 53.83, बरेली में 57.88, मैनपुरी में 58.59, संभल में 62.81 और हाथरस में 55.36 प्रतिशत मतदान हुआ।

Advertisement

तीसरे चरण में 10 सीटों पर मतदान

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि तीसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीट-- संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक समाप्त हो गया। उन्होंने कहा कि लेकिन मतदान केंद्रों पर कतारों में खड़े मतदाता मतदान कर सकेंगे।

Advertisement

सपा ने प्रशासन पर मतदान में धांधली का लगाया आरोप

सपा ने बदायूं और मैनपुरी में कई स्थानों पर प्रशासन पर मतदान में धांधली कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर मैनपुरी में ‘बूथ’ लूटने की तैयारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''भाजपा के लोगों ने पिछले चुनाव में भी बूथ लूटा था तब भी वे बुरी तरह हारे थे। ये फिर बूथ लूटने की तैयारी कर रहे हैं। आप लोग चार-पांच बजे मैनपुरी चले जाएं। ये फिर बूथ लूटने जा रहे हैं।''

Advertisement

बदायूं से सपा प्रत्याशी और सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव ने प्रशासन पर सहसवान विधानसभा के शहबाजपुर मतदान केंद्र पर सपा समर्थकों को वोट नहीं डालने देने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन तमाम तरीके अपनाकर वोट नहीं डालने दे रहा है। उन्होंने कहा कि सहसवान ‘पोलिंग बूथ’ पर समाजवादी पार्टी के ‘पोलिंग’ बस्ते के सारे दस्तावेज फेंककर उसके ऊपर पानी डाल दिया गया।

बदायूं लोकसभा क्षेत्र के सहसवान विधानसभा क्षेत्र में स्थित प्रमोद इंटर कॉलेज के मतदान केंद्रों पर मुस्लिम महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनको बेवजह वोट डालने से रोका। मतदान केंद्र के आसपास खड़ी महिलाओं ने पुलिस प्रशासन पर कई-कई घंटे का इंतजार कराने और अभद्रता करने का आरोप लगाया। महिलाओं ने कहा कि पुलिस मुस्लिम महिलाओं को धूप में खड़ा कर लंबे इंतजार के बाद अंदर जाने दे रही है, जबकि उनके साथ आए पुरुषों की डंडों से पिटाई की जा रही है।

Advertisement

प्रशासन ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

बदायूं के जिलाधिकारी मनोज कुमार से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''ऐसा नहीं है। जो लोग वोट डाल चुके हैं वे बेवजह भीड़ लगा रहे हैं, इसलिए पुलिस को कानून व्यवस्था के चलते लोगों को वहां से हटना पड़ रहा है। किसी के साथ अभद्र व्यवहार या किसी को बेवजह परेशान नहीं किया गया।''

Advertisement

सैफई में मतदान करने के बाद सपा महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने संवाददाताओं से कहा कि डिंपल यादव अबकी बार पहले से भी ज्यादा मतों से चुनाव जीतेंगी। मैनपुरी जिले में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ (पैक्सफेड) के अध्यक्ष प्रेम सिंह शाक्य के वाहन पर कुछ अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

शाक्य ने 'पीटीआई—भाषा' से बातचीत में आरोप लगाया कि वह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान और जिला पंचायत के एक पूर्व सदस्य के साथ मतदान का हाल लेने के लिये अपनी कार से निकले थे कि तभी कुसमरा इलाके में पांच-छह लोगों ने उनके वाहन पर पथराव किया। उनके अनुसार हमलावर समाजवादी पार्टी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।

Advertisement

शाक्य के मुताबिक, इस घटना में उनकी कार के शीशे टूट गये और चालक शिवम के सिर में चोट आयी। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के समझाने के बाद लोगों ने किया मतदान

Advertisement

बदायूं में धोरणपुर गांव के लोगों ने शुरू में मतदान का बहिष्कार किया लेकिन प्रशासन के समझाने पर वे मान गये। उन्होंने अपने गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण की अपनी मांग पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि यह उनके संज्ञान में आया है और सम्बन्धित उपजिलाधिकारी कल्पना जायसवाल को गांव में भेजा गया एवं उनके समझाने-बुझाने के बाद वहां मतदान शुरू हो गया।

संभल में सपा प्रत्याशी जिया-उर-रहमान बर्क ने आरोप लगाया कि पुलिस क्षेत्राधिकारी भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं और उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से बैग और मतदाता पर्चियां छीन लीं एवं उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्होंने निर्वाचन आयोग से आरोपी अधिकारी को तुरंत हटाने का अनुरोध किया।

Advertisement

फिरोजाबाद में नगला जवाहर, नीम खेरिया और नगला उमर गांवों में स्थानीय लोगों ने अपने-अपने गांव की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए मतदान का बहिष्कार किया। हालांकि जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन के निर्देश पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और बातचीत के बाद कुछ देर से मतदान शुरू हआ। रमेश रंजन ने बताया कि मतदान लगातार जारी रहा, स्थानीय लोगों को जल्द समस्या के निराकरण के लिए आश्वस्त किया गया।

गर्मी और लू से बचाने के लिए इंतजाम

Advertisement

मुख्य निर्वाचन अधिकारी रिणवा ने बताया कि मतदान स्थलों पर मतदाताओं एवं मतदान कार्मिकों को गर्मी और लू से बचाने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर जहां तक मतदाताओं की कतार होगी, वहां तक छाया की व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

रिणवा ने बताया कि मतदेय स्थलों पर मेडिकल किट (ओआरएस पैकेट सहित) का प्रबंध किया गया है, साथ ही सहयोग के लिए मतदान केंद्रों पर एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पैरामेडिकल कर्मी की तैनाती की गयी है।

Advertisement

इस चरण में 100 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। इससे पहले 19 अप्रैल और 26 अप्रैल को क्रमश: पहले और दूसरे चरण में प्रदेश की कुल 16 सीट पर मतदान संपन्न हो चुका है। तीसरे चरण की 10 सीट समेत 26 सीट पर मतदान के बाद शेष अगले चार चरणों में राज्य की 54 सीट पर मतदान होगा। राज्य की कुल 80 लोकसभा सीट पर सभी सात चरणों में मतदान प्रस्तावित है।

इसे भी पढ़ें: मछली, मंगलसूत्र के बाद 'मुस्लिम आरक्षण' की एंट्री... लोकसभा चुनावों में कैसे बदल रही सियासी फिजा?

Advertisement

Published May 7th, 2024 at 22:44 IST

आपकी आवाज. अब डायरेक्ट.

अपने विचार हमें भेजें, हम उन्हें प्रकाशित करेंगे। यह खंड मॉडरेट किया गया है।

Advertisement

न्यूज़रूम से लेटेस्ट

22 घंटे पहलेे
23 घंटे पहलेे
3 दिन पहलेे
4 दिन पहलेे
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Whatsapp logo