Updated May 7th, 2024 at 19:59 IST
दाऊद 40 साल बाद यूपी से गिरफ्तार, अपहरण और रेप केस में मुंबई पुलिस को थी तलाश
1984 में महिला की शिकायत पर पापा उर्फ दाउद बंदू खान के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद जमानत मिलने के बाद से वो फरार था।
- देश
- 2 मिनट रीड
Advertisement
मुंबई पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म के एक मामले में पिछले 40 वर्षों से फरार चल रहे 70 वर्षीय व्यक्ति को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान पापा उर्फ दाउद बंदू खान के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दक्षिण मुंबई के डॉ. दादाभाई भड़कामकर मार्ग थाने के पुलिसकर्मियों की एक टीम ने खान को सोमवार को आगरा में धर दबोचा।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया और उसे यहां अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया, ''वर्ष 1984 में एक महिला की शिकायत के आधार पर खान के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था।'' खान को मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह जमानत पर रिहा था।
Advertisement
अदालत ने किया था भगोड़ा घोषित
अधिकारी ने बताया, ''जैसे ही मुकदमे की सुनवाई शुरू हुई तो आरोपी एक-दो तारीखों पर अदालत में पेश हुआ, लेकिन उसके बाद से वह कभी अदालत में नहीं आया। अदालत ने उसे मामले में भगोड़ा घोषित किया हुआ था।'' डॉ. डीबी मार्ग थाना की एक टीम ने खोज अभियान शुरू किया और फाल्कलैंड मार्ग स्थित उसके आवास पर छापा मारा, जिसके बाद मालूम हुआ कि वह अपनी संपत्ति बेचकर अपने परिवार के साथ शहर छोड़कर चला गया।
Advertisement
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि वह उत्तर भारत के किसी राज्य में छिपा हुआ है। उन्होंने बताया कि इतने वर्षों तक अलग-अलग थानों की पुलिस टीमों ने उसे ढूंढने का प्रयास किया लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। अधिकारी ने बताया, ''पुलिस अधिकारियों को हाल ही में सूचना मिली कि आरोपी अपने परिवार के साथ आगरा में रह रहा है, जिसके बाद पुलिस की एक टीम को उत्तर प्रदेश भेजा गया, जहां खान को पकड़ लिया गया।''
ये भी पढ़ें: शिक्षक भर्ती घोटाले में ममता सरकार को 'सुप्रीम फटकार', CJI ने पूछा- ऐसे व्यवस्था में क्या बचेगा?
Advertisement
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published May 7th, 2024 at 19:59 IST
आपकी आवाज. अब डायरेक्ट.
अपने विचार हमें भेजें, हम उन्हें प्रकाशित करेंगे। यह खंड मॉडरेट किया गया है।