अपडेटेड 28 September 2025 at 09:05 IST
'तीसरा देश तय नहीं करेगा रूस-भारत का रिश्ता', डोनाल्ड ट्रंप पर बरसे पुतिन के मंत्री; बोले- हमें नरेंद्र मोदी की विदेश नीति का पूरा सम्मान
संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने साफ शब्दों में अमेरिका के राष्ट्रपति को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि भारत और रूस के संबंधों को कोई खतरा नहीं है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने साफ शब्दों में अमेरिका के राष्ट्रपति को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि भारत और रूस के संबंधों को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने ट्रंप पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि रूस और भारत का रिश्ता कोई तीसरा देश तय नहीं करेगा।
इससे पहले भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी अमेरिका की ट्रेड पॉलिसी पर हमला करते हुए इशारों-इशारों में कह दिया कि अमेरिका भरोसे के लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि जब ट्रेड की बात आती है तो कुछ गैर-बाजारी तरीके विश्व के नियमों और व्यवस्थाओं से खेलते हैं, जिसके कारण दुनिया कुछ सीमित बाजारों पर निर्भर हो जाती है।
दिसंबर में भारत आएंगे पुतिन
संयुक्त राष्ट्र में बोलते हुए रूस के विदेश मंत्री लावरोव ने भारत की विदेश नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका के द्वारा लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ के बावजूद भारत और रूस के रिश्ते खतरे में नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच केवल आर्थिक रिश्ता नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच एक विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी भी है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच मुलाकात हुई थी। उन्होंने कन्फर्म किया कि पुतिन ने दिसंबर में भारत दौरे की योजना बनाई है।
Advertisement
'रूस और भारत का रिश्ता कोई तीसरा देश तय नहीं करेगा'
लावरोव ने जोर देकर कहा कि भारत और रूस के बीच ट्रेड, डिफेंस, टेक्नोलॉजी, हेल्थ, एआई और वैश्विक मंचों पर समन्वय जैसे कई छेत्रों में गहरा सहयोग है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भारत और रूस का रिश्ता कोई तीसरा देश तय नहीं कर सकता है। लावरोव के अनुसार, अमेरिका द्वारा पेश की गई शर्तों पर भारत उनसे बात कर सकता है, लेकिन भारत और रूस के रिश्ते पर सिर्फ इन्हीं दोनों देशों के बीच बातचीत होगी, किसी तीसरे देश से नहीं।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि हमें भारत के राष्ट्र हितों और नरेंद्र मोदी की विदेश नीति का पूरा सम्मान है।
Advertisement
ये भी पढ़ेंः BREAKING: चैतन्यानंद को आगरा से किया गया गिरफ्तार
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 28 September 2025 at 09:05 IST