Donald Trump Tariffs: भारत से क्या चाहते हैं डोनाल्ड ट्रंप? पहले दी धमकी, अब 25% अतिरिक्त टैरिफ का किया ऐलान; जानिए कब से होगा लागू
Donald Trump Tariffs: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयात पर 25% अतिरिक्त शुल्क लगाने वाले एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Donald Trump Tariffs: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयात पर 25% अतिरिक्त शुल्क लगाने वाले एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। यह कार्यकारी आदेश आज से 21 दिन बाद यानी 27 अगस्त से लागू होगा।
इससे पहले ट्रंप ने एक अमेरिकी न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा था कि भारत अच्छा ट्रेडिंग पार्टनर नहीं है। वो दुनिया में सबसे ज्यादा टैक्स लगाता है। हमने उनपर 25 प्रतिशत टैक्स लगाया था, लेकिन अब इसे और ज्यादा बढ़ाऊंगा। ट्रंप ने ये भी कहा था कि हम भारत के साथ थोड़ा व्यापार करते हैं, लेकिन वो हमसे बहुत ज्यादा कमाते हैं।
भारत से जाने वाली चीजों पर टैक्स क्यों?
इस आदेश के तहत भारत से अमेरिका जाने वाली चीजों पर नए टैक्स लगाए जाएंगे। इसका कारण है भारत का रूस से तेल खरीदना। अमेरिका इसे रूस का समर्थन मानता है और अब वह इसे रोकने के लिए दबाव बना रहा है।
इस आदेश में कहा गया है कि चाहे तेल किसी कंपनी ने खरीदा हो, अगर वो रूस से निकला है यानी वहीं से निकाला, साफ किया या भेजा गया है, तो वह रूसी तेल माना जाएगा। यहां तक कि अगर वो किसी तीसरे देश के रास्ते अमेरिका आया हो, तब भी उस पर टैक्स लगेगा।
Advertisement
भारत पर इसका असर क्या होगा?
भारत से अमेरिका को हर साल अरबों डॉलर का सामान निर्यात होता है। इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, दवाइयां और गहना जैसे सेक्टर इस फैसले से सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। PHD चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) का अनुमान है कि सिर्फ मौजूदा 25% टैक्स से ही भारत के करीब 8.1 अरब डॉलर के एक्सपोर्ट पर असर पड़ा है। अब नए टैक्स से यह नुकसान और बढ़ सकता है।
भारत की क्या दलील है?
भारत कई बार कह चुका है कि वह रूस से तेल इसलिए खरीदता है ताकि अपने देश के लोगों को सस्ती ऊर्जा मिल सके। भारत का कहना है कि वह अंतरराष्ट्रीय नियमों का पूरी तरह पालन करता है। भारत ने अमेरिका और यूरोप पर दोहरे रवैये का आरोप भी लगाया है, क्योंकि वे खुद भी रूस से किसी न किसी रूप में व्यापार करते रहे हैं।