BREAKING: इजरायल दौरे पर पहुंचे PM मोदी, बेंजामिन नेतन्याहू ने किया जोरदार स्वागत; फ्लाइट रडार पर सबसे ज्यादा सर्च हुआ प्रधानमंत्री का विमान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल दौरे पर पहुंच गए हैं। इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें खुद रिसीव किया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल दौरे पर पहुंच गए हैं। इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें खुद रिसीव किया और प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। आपको बता दें कि पॉपुलर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म फ्लाइटरडार के डेटा के अनुसार, जिस वक्त पीएम मोदी अपने विमान एयर इंडिया वन में थे, उस वक्त उनकी फ्लाइट को दुनियाभर में सबसे ज्यादा ट्रैक किया जा रहा था।
इससे पहले इजरायल के PM नेतन्याहू ने X पर पोस्ट के माध्यम से PM मोदी के दौरे को लेकर लिखा था, ‘आज सुबह कैबिनेट बैठक की शुरुआत में मैंने अपने प्रिय मित्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी बुधवार को होने वाली ऐतिहासिक इजरायल यात्रा के बारे में बात की। इजरायल और भारत के बीच का संबंध दो वैश्विक नेताओं का एक सशक्त गठबंधन है। हम नवाचार, सुरक्षा और साझा रणनीतिक दृष्टिकोण में भागीदार हैं। साथ मिलकर, हम स्थिरता और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध राष्ट्रों का एक गठबंधन बना रहे हैं। एआई से लेकर क्षेत्रीय सहयोग तक, हमारी साझेदारी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है। यरूशलम में आपसे मिलने की प्रतीक्षा रहेगी, प्रधानमंत्री मोदी!’
प्रधानमंत्री ने एक्स पर किया था पोस्ट
इजरायल दौरे पर निकलने से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा था, "मैं आज और कल इजरायल का दौरा करूंगा। हमारे देशों के बीच एक मजबूत और कई तरह की स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप है। पिछले कुछ सालों में रिश्ते काफी मजबूत हुए हैं। मैं PM नेतन्याहू से बातचीत करूंगा, जिसमें हम अलग-अलग फील्ड में सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर बात करेंगे। मैं इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से भी मिलूंगा। आज शाम, मैं इजरायली संसद, नेसेट को संबोधित करूंगा। यह उन मजबूत पार्लियामेंट्री और डेमोक्रेटिक रिश्तों को एक ट्रिब्यूट है जो हमें जोड़ते हैं। मैं भारतीय प्रवासियों से भी बातचीत करूंगा, जिन्होंने भारत-इजरायल दोस्ती को मजबूत करने में बड़ा योगदान दिया है।"
भारत-इजरायल के बीच हो सकती है कई डील
पीएम मोदी के इस दौरे पर भारत और इजरायल के बीच हथियारों से जुड़ी डील पर बातचीत होने की संभावना है, जिसमें ड्रोन और एंटी बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम शामिल हैं। इसके अलावा 'आयरन डोम' का मुद्दा भी दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच आज का अहम मुद्दा होने वाला है।
Advertisement
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेतन्याहू के बीच गहरी दोस्ती किसी से छिपी नहीं हैं। जहां प्रधानमंत्री 2017 में इजरायल दौरे पर गए थे, तो नेतन्याहू ने भी 2018 में भारत का दौरा किया था। दोनों नेताओं के बीच कई बार फोन के जरिए भी बातचीत हुई है। पिछले साल 10 दिसंबर और 7 जनवरी को पीएम मोदी और नेतन्याहू ने एक दूसरे से कॉल के जरिए बातचीत की थी।