सीरिया के जिस होटल में रुके फ्रांसीसी राष्ट्रपति, उसके पास दनादन कई धमाके; दहल गई राजधानी, सालों बाद इस देश के दौरे पर गए हैं मैक्रों

मंगलवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क में उस होटल के पास धमाके हुए, जहां फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी अहम यात्रा के दौरान ठहरे हुए थे।

X
सीरिया के जिस होटल में रुके फ्रांसीसी राष्ट्रपति, उसके पास दनादन कई धमाके | Image: Reuters

मंगलवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क में उस होटल के पास धमाके हुए, जहां फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी अहम यात्रा के दौरान ठहरे हुए थे। जब फोर सीजन्स होटल के पास धमाके हुए, तब इमैनुएल मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शारा से मिलने के लिए राष्ट्रपति भवन में दाखिल हो चुके थे।

सीरियाई मीडिया ने बताया कि मैक्रों फोर सीजन्स होटल में ठहरे हुए थे। फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि वे सुरक्षित हैं और सीरिया की उनकी यात्रा जारी है।

धमाकों के बाद, अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए और आस-पास की सड़कों को बंद कर दिया। मैक्रों का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद को हटाए जाने के बाद से किसी बड़े EU नेता ने पहली बार दमिश्क का दौरा किया है।

धुएं का गुबार उठने लगा

सरकारी मीडिया ने एक अज्ञात सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि राजधानी के बीचों-बीच हुए ये दो धमाके विस्फोटक उपकरणों की वजह से हुए और घटनास्थल से धुएं का एक बड़ा गुबार उठता देखा जा सकता था।

Advertisement

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फुटेज में एक गाड़ी में आग लगी और सड़क पर खून के धब्बे दिखाई दिए। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। किसी भी गुट ने तुरंत इसकी जिम्मेदारी नहीं ली।

यह घटना दमिश्क में जस्टिस पैलेस के पास एक कैफे में हुए धमाके के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसमें कम से कम 10 लोग मारे गए थे और 20 घायल हुए थे।

Advertisement

EU के किसी राष्ट्राध्यक्ष का पहला दौरा

खास बात यह है कि मैक्रों सोमवार को सीरिया पहुंचे। 2024 में राष्ट्रपति अहमद अल-शारा के नेतृत्व में विद्रोहियों द्वारा बशर अल-असद को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद से किसी यूरोपीय संघ के राष्ट्राध्यक्ष का दमिश्क का यह पहला दौरा है।

यह दौरा शारा के नेतृत्व में सीरिया में आए भू-राजनीतिक बदलाव को दिखाता है। शारा अल-कायदा के पूर्व कमांडर रहे हैं और उन्होंने उन पश्चिमी और मध्य-पूर्वी ताकतों के साथ करीबी रिश्ते बनाए हैं जिन्होंने असद से दूरी बना ली थी। वे 13 साल के युद्ध से बर्बाद हुए देश को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं।

मैक्रों ने X पर कहा, "मैं यहां सीरियाई लोगों के प्रति फ्रांस की प्रतिबद्धता दोहराने आया हूं। एक ऐसे संप्रभु सीरिया के लिए जो अपनी विविधता में एकजुट हो और अपने पड़ोसियों के साथ शांति से रहे। आइए, मिलकर स्थिरता और शांति का एक नया अध्याय शुरू करें।"

ये भी पढ़ेंः जिस ब्रह्मोस से कांपा था पाकिस्तान, अब इंडोनेशिया को भारत करेगा सप्लाई

Published By:
 Kunal Verma
पब्लिश्ड