India-Indonesia Deal: ऑपरेशन सिंदूर में जिस ब्रह्मोस से कांपा था पाकिस्तान, अब इंडोनेशिया को भारत करेगा सप्लाई, PM मोदी के दौरे पर हुई बड़ी डील
भारत और इंडोनेशिया ने रक्षा और रणनीतिक सहयोग में एक अहम पड़ाव के तौर पर, ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और अस्त्र बियॉन्ड-विजुअल-रेंज एयर-टू-एयर मिसाइल की सप्लाई के लिए ऐतिहासिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे के दौरान भारत और इंडोनेशिया ने मंगलवार को कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इसमें रक्षा के क्षेत्र में सबसे बड़ी डील हुई। इससे पहले पीएम मोदी का इंडोनेशिया में गर्मजोशी से स्वागत हुआ। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान 'बिंतांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' मेडल से सम्मानित किया। इसके बाद पीएम मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों का आदान-प्रदान हुआ।
भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग में एक अहम पड़ाव के तौर पर, दोनों देशों ने मंगलवार को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और अस्त्र बियॉन्ड-विज़ुअल-रेंज एयर-टू-एयर मिसाइल की सप्लाई के लिए ऐतिहासिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) निर्माण में भारतीय सहायता और UPI पेमेंट सिस्टम को जोड़ने जैसे कई अहम डील भी शामिल हैं।
पीएम मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति बीच द्विपक्षीय वार्ता
यह डील जकार्ता के इस्ताना मर्देका में पीएम मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के बीच हुई उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय बातचीत के बाद घोषित की गई। मिसाइल डील उन रणनीतिक समझौतों की एक श्रृंखला का हिस्सा हैं जिनका मकसद दोनों समुद्री पड़ोसियों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करना है। दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा पर एक फ्रेमवर्क को भी अंतिम रूप दिया। एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने इस दिन को द्विपक्षीय संबंधों में एक "सुनहरे अध्याय" की शुरुआत बताया।
भारत-इंडोनेशिया के रिश्ते पर पीएम मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "2018 में बनी हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी आज एक नई उड़ान ले रही है। हम विकास, सुरक्षा, तकनीक, संस्कृति और शिक्षा... हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहे हैं। मुझे विश्वास है, आज से भारत-इंडोनेशिया साझेदारी का एक सुनहरा अध्याय शुरू होगा। हमारे देशों के बीच बढ़ता विश्वास हमारी रक्षा, सुरक्षा और समुद्री सहयोग को मजबूत कर रहा है। आज हमने रक्षा आदान-प्रदान, आपदा प्रबंधन और औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनाई।"
Advertisement
ISRO करेगा इंडोनेशिया को अंतरिक्ष के क्षेत्र में मदद
पीएम मोदी ने पुष्टि की कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए बाहरी अंतरिक्ष की खोज और इंडोनेशिया के अंतरिक्ष क्षेत्र की क्षमता निर्माण में मदद करेगा। भारत और इंडोनेशिया ने 1951 में औपचारिक रक्षा संबंध स्थापित किए थे, जबकि 2001 में रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे और 2006 में इसे नवीनीकृत किया गया था।
EVM प्रणाली की मुरीद हुआ इंडोनेशिया
वहीं, इंडोनेशिया ने भारत की EVM प्रणाली की तारीफ करते हुए कहा कि वह उसकी मुरीद हो गया है। अब भारत इंडोनेशिया को उसके देश में खास ईवीएम तैयार करने में मदद करेगा। इसके अलावा, जल्द ही भारत का यूपीआई (UPI) सेवा इंडोनेशिया के पेमेंट सिस्टम से लिंक हो जाएगी, जिससे दोनों देशों के बीच डिजिटल लेन-देन और आसान हो जाएगा। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने इस दिन को भारत-इंडोनेशिया द्विपक्षीय संबंधों में “सुनहरे अध्याय” की शुरुआत बताया।