ओमान तट के पास कमर्शियल शिप पर बड़ा हमला, 11 भारतीय थे सवार; भारत सरकार ने जताई नाराजगी; कहा- इस अटैक की...
विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि जहाज पर सवार 11 भारतीयों में से 10 को बचा लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

भारत ने रविवार को ओमान के तट के पास एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले की निंदा की। विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि जहाज पर सवार 11 भारतीयों में से 10 को बचा लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "हम आज ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज GFS गैलेक्सी पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर सवार 11 भारतीयों में से 10 को अब तक बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय लापता बताया जा रहा है। ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और चल रहे खोज और बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से तालमेल बिठा रहा है। हम सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का धन्यवाद करते हैं।"
भारत सरकार ने जताई नाराजगी
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस इलाके में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बहुत चिंताजनक हैं। बयान में कहा गया, "इस इलाके में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बहुत चिंताजनक हैं। हम तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को पूरा करने की अपनी मांग दोहराते हैं ताकि इलाके में शांति और स्थिरता लौट सके। इलाके में कमर्शियल जहाजों और आम लोगों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए, और अंतरराष्ट्रीय कानून के मुताबिक इलाके के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की आवाजाही और व्यापार को बिना किसी रुकावट के जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।"
US सेंट्रल कमांड ने क्या कहा?
यह बयान तब आया जब अमेरिका ने ईरान के खिलाफ हमलों का तीसरा दौर शुरू किया। अमेरिका का आरोप है कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज 'GFS गैलेक्सी' पर हमला किया था। US सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की ओर से X पर किए गए एक आधिकारिक पोस्ट के अनुसार, जहाज का एक आम कर्मचारी लापता है और जहाज पर आग लगने और इंजन रूम को भारी नुकसान पहुंचने के कारण वह अपनी यात्रा जारी रखने में असमर्थ है।