अपडेटेड 30 March 2025 at 10:12 IST

केजरीवाल, फिर मनीष सिसोदिया; पंजाब में शिफ्ट दिल्ली की लीडरशिप, इस मॉडल पर चालू काम

अरविंद केजरीवाल का अधिकतर समय अब पंजाब में गुजर रहा है। मनीष सिसोदिया को हाल ही में AAP ने पंजाब का प्रभारी बनाया। उसके बाद वो लगातार पंजाब जा रहे हैं।

Follow : Google News Icon  
Arvind kejriwal-Bhagwant Mann-Manish Sisodia
Arvind kejriwal-Bhagwant Mann-Manish Sisodia | Image: Facbook

दिल्ली से झोला उठा आम आदमी पार्टी की लीडरशिप इन दिनों पंजाब में शिफ्ट हो चुकी है। चाहे अरविंद केजरीवाल हों या आम आदमी पार्टी में दूसरे नंबर की हैसियत रखने वाले मनीष सिसोदिया हों, दोनों ही AAP के टॉप लीडर पंजाब का सियासत का हिस्सा बन रहे हैं। दिल्ली में दोनों नेताओं को करारी हार मिली। अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट पर बीजेपी के प्रवेश वर्मा से हार गए तो मनीष सिसोदिया ने इस बार पटपड़गंज सीट बदलकर जंगपुरा से चुनाव लड़ना सही समझा था, लेकिन वहां बीजेपी के तरविंदर सिंह मारवाह ने उन्हें शिकस्त दी। ऐसे में दिल्ली से बाहर पंजाब जाकर दोनों नेता अपनी राजनीति कर रहे हैं।

मनीष सिसोदिया को आम आदमी पार्टी ने हाल ही में पंजाब का प्रभारी भी बनाया था और अरविंद केजरीवाल पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हैं। पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार है। हालांकि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सत्ता जाने के बाद गाहे-बहागे लोगों की तरफ से कहा जाता रहा है कि पंजाब में अब अरविंद केजरीवाल सरकार चला रहे हैं, जबकि भगवंत मान रिमोट कंट्रोल पर काम कर रहे हैं। केजरीवाल के अलावा मनीष सिसोदिया की पंजाब में एंट्री से वहां की सियासत और भी दिलचस्प बन चुकी है।

पंजाब में केजरीवाल क्या-क्या कर रहे हैं?

अरविंद केजरीवाल का अधिकतर समय अब पंजाब में गुजर रहा है। फरवरी में आए दिल्ली विधानसभा चुनावों में हार के बाद राष्ट्रीय राजधानी से ज्यादा केजरीवाल का दखल पंजाब की सियासत में देखा गया है। कुछ मौके ऐसे भी देखे गए, जहां भगवंत मान से ज्यादा सरकारी तंत्र में अरविंद केजरीवाल को तवज्जो मिली। केजरीवाल के पंजाब में लंबे-लंबे काफिले देखे गए। बगैर संवैधानिक पद के अरविंद केजरीवाल अस्पतालों से लेकर तमाम सरकारी संस्थानों में दौरे करते रहे। कुछ दिनों पहले केजरीवाल लुधियाना में एक अस्पताल के उद्घाटन में शामिल हुए थे, जहां मंत्रियों और अधिकारियों का भी पूरा फोकस उन पर था।

यह भी पढ़ें: नागपुर दौरे पर पीएम मोदी, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल, पूरा शेड्यूल

Advertisement

अब मनीष सिसोदिया घूम रहे पंजाब

अरविंद केजरीवाल के बाद मनीष सिसोदिया भी इन दिनों पंजाब घूम रहे हैं। स्कूलों का दौरा कर रहे हैं। पिछले दिन मनीष सिसोदिया को भगवंत मान के साथ स्कूलों का दौरा किया, कार्यक्रमों को संबोधित किया। मनीष सिसोदिया मौजूदा भगवंत मान सरकार के कामों की प्रशंसा कर रहे हैं और साथ ही दिल्ली की उपलब्धियों को पंजाब में गिना रहे हैं।

पंजाब में इस मॉडल पर काम चालू

जैसे AAP की लीडरशिप पंजाब में शिफ्ट हुई है, वैसे ही दिल्ली का मॉडल भी वहां शिफ्ट कर गया है। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया दिल्ली के कामों का पंजाब में बखान कर रहे हैं। खासकर शिक्षा और स्वास्थ्य पर दिल्ली की तरह पंजाब में क्रांति लाने के दावे हैं। मनीष सिसोदिया पिछले दिन अपने बयान में कहते हैं कि अब पंजाब में रॉकेट की स्पीड से काम होंगे। भगवंत मान काम गिनाते हैं कि पंजाब में अब स्वास्थ्य क्रांति चल रही है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि पंजाब में ये पहली बार हो रहा है कि 17,000 करोड़ रुपये का शिक्षा के लिए बजट रखा गया।

Advertisement

इससे स्पष्ट है कि पंजाब अब दिल्ली मॉडल पार्ट-2 बनने की राह पर है। हालांकि इसके राजनीतिक मायने भी हैं, क्योंकि पंजाब में दो साल बाद विधानसभा चुनाव भी हैं। ऐसे में यहां आम आदमी पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ रही है और इसीलिए दिल्ली की लीडरशिप ने पंजाब में जोर लगा दिया है।

यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी ‘भारत को बदनाम करने वाले समूह’ का हिस्सा बन गयी हैं: भाजपा

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 30 March 2025 at 10:12 IST