अपडेटेड 7 June 2024 at 10:51 IST
नीतीश कुमार: 'सत्ता में आए, किसी की समझ में नहीं',जान लीजिए पिछले 28 साल का ट्रैक रिकॉर्ड
JDU Chief Nitish Kumar: 2024 के लोकसभा चुनाव में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू 5वां सबसे बड़ा दल है। बावजूद इसके नतीजों के बाद नीतीश को लेकर चर्चा सबसे तेज है।
- भारत
- 3 min read

Nitish Kumar: 18वीं लोकसभा के चुनाव नतीजों के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सत्ता की अहम कड़ी बन चुके हैं। नीतीश कुमार की राजनीति को समझना किसी भी दल और नेता के लिए आसान नहीं है। बिहार हो या केंद्र, नीतीश कुमार सबके हैं और ये उनका ट्रैक रिकॉर्ड भी कहता है। फिलहाल 2024 के लोकसभा चुनाव में बिहार में बीजेपी के बराबर 12 सीट जीतने वाले नीतीश कुमार एक किंगमेकर की भूमिका में हैं, जिससे वो सहयोगी के लिए जरूरी और मजबूरी हैं।
चुनाव नतीजों के बाद नीतीश कुमार को लेकर कई मीम्स भी तेजी से वायरल हैं। इन्हीं से एक मीम में लिखा है- 'सत्ता में आता हूं, समझ में नहीं'। इस मीम के मायने सब समझ सकते हैं, क्योंकि नीतीश कुमार 'पलटी' मारने के लिए मशहूर हैं।
नीतीश कब किधर पलटी मार जाएं, कोई भविष्यवाणी नहीं कर सकता है। वो गठबंधन सरकारों के लिए कभी जरूरी रहे हैं तो कभी उनके लिए बड़ी मजबूरी बने हैं। 2024 में कुछ यही परिस्थितियां बीजेपी के सामने आकर खड़ी हो चुकी हैं।
Advertisement
नीतीश कुमार का ट्रैक रिकॉर्ड
2024 के लोकसभा चुनाव में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू 5वां सबसे बड़ा दल है। बावजूद इसके नतीजों के बाद नीतीश को लेकर चर्चा सबसे तेज है। बार-बार पलटी मारना ही इसकी वजह है। अगर नीतीश के बीते 28 बरस के ट्रैक रिकॉर्ड को देख लिया जाए तो हर कोई समझ सकता है कि JDU चीफ को लेकर कंफ्यूजन होती है।
साल 1996 से 2013 तक: NDA का हिस्सा रहे। अटल सरकार में मंत्री बने और बाद में बिहार के मुख्यमंत्री। 2014 के लोकसभा चुनाव से लगभग सालभर पहले 2013 में नरेंद्र मोदी के विरोध में उन्होंने NDA छोड़ा। 2 साल तक किसी दल से गठबंधन नहीं किया।
Advertisement
साल 2015 से 2017 तक: महागठबंधन का हिस्सा रहे। 2017 में तेजस्वी यादव पर भ्रष्टाचार के आरोप के बाद महागठबंधन छोड़ा।
साल 2017 से 2022 तक: नीतीश कुमार ने फिर से NDA में वापसी की। हालांकि 2022 में उन्होंने बीजेपी से दूरी बनाई।
साल 2022 से 2023 तक: एनडीए छोड़ने के बाद नीतीश कुमार महागठबंधन की तरफ लौटे। आरजेडी के साथ हाथ मिलाया और फिर नरेंद्र मोदी के खिलाफ INDI गठबंधन के सूत्रधार भी बने।
जनवरी 2024 से अब तक: नीतीश कुमार अभी एनडीए का हिस्सा हैं। जनवरी 2024 में महागठबंधन और INDI गठबंधन छोड़ने के बाद उन्होंने एनडीए में वापसी की। फिलहाल वो एक 'किंगमेकर' की भूमिका में खड़े हैं।
नीतीश कुमार ने नहीं छोड़ा CM पद
दिलचस्प है कि इतने सारे गठबंधन बदले, नेता बदले... लेकिन नीतीश कुमार ने इतने उलटफेर के बावजूद मुख्यमंत्री पद नहीं छोड़ा। बिहार की सियासत में दूसरे तो कभी तीसरे नंबर की हैसियत मिलने पर भी मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नीतीश कुमार बैठे। अंदाजा लगा सकते हैं कि वो 28 जनवरी 2024 को 9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने। हां बीच में जीतन राम मांझी को 9 महीने (मई 2014 से फरवरी 2015 तक) सत्ता संभालने का मौका जरूर नीतीश ने दिया। अब सबके मन में सवाल यही है कि 2024 के चुनाव नतीजों के बाद नीतीश कुमार कितने दिन तक एनडीए में टिके रहेंगे।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 7 June 2024 at 10:03 IST