झारखंड में होगा खेला, जेल से बाहर आने के बाद हेमंत सोरेन फिर बनेंगे CM? JMM विधायकों ने रखा प्रस्ताव
Jharkhand Breaking: हेमंत सोरेन फिर से झारखंड के CM बन सकते हैं।
- भारत
- 2 min read

Jharkhand Breaking: झारखंड से बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के हवाले से जानकारी मिल रही है कि हेमंत सोरेन एक बार फिर झारखंड के सीएम बन सकते हैं। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
विधायकों ने लिया है हेमंत सोरेन का नाम
जानकारी मिल रही है कि रांची में विधायकों की बैठक में सभी विधायकों ने एक बार फिर झारखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर हेमंत सोरेन के नाम का प्रस्ताव रखा है। आपको बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) के हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने के बाद उनके करीबी सहयोगी चंपई सोरेन को राज्य की बागडोर सौंपी गई थी। ईडी ने सोरेन को कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। जमीन घोटाले में 5 महीने की जेल की सजा के बाद हेमंत सोरेन को जमानत मिली है।
बैठक के बारे में सामने आई थी ये जानकारी
पार्टी के एक सूत्र ने कहा था- 'राज्य में नेतृत्व में परिवर्तन की संभावना है। यह बैठक महत्वपूर्ण है। सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी विधायक पूर्वाह्न 11 बजे यहां एकत्र होंगे।' इससे पहले बुधवार को 1,500 चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने सहित मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के सभी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को अचानक रद्द किए जाने से इन अटकलों को बल मिला। कांग्रेस के एक विधायक ने कहा था- 'झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बुधवार को हमारी पार्टी ने हमें ‘इंडी’ गठबंधन के विधायकों की बैठक में शामिल होने के लिए कहा है।' विधायक ने कहा कि यह बैठक महत्वपूर्ण है क्योंकि गठबंधन को इस वर्ष के अंत में होने वाले चुनावों के लिए अपनी रणनीति तैयार करनी है।
इससे पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया और दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा का राज्य से सफाया हो जाएगा। अपने आवास पर झामुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सोरेन ने कहा था कि उन्हें जेल में बंद करने की साजिश रचने वालों के खिलाफ विद्रोह होगा और झारखंड के लोग भाजपा को नहीं बख्शेंगे।
Advertisement
(PTI इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ेंः भगदड़ से सेवादारों की धक्कामुक्की, चश्मदीदों की आंखों देखी तक...CM योगी ने हर पहलू को बताया