'नीतीश कुमार सांप हैं, हर 2 साल में...,' बिहार में बवाल के बीच लालू यादव का पुराना ट्वीट वायरल
Bihar Politics: बिहार में बवाल के बीच Lalu Yadav का एक पुराना ट्वीट वायरल हो रहा है, जिसमें वो Nitish Kumar को कोस रहे हैं।
- भारत
- 2 min read

Bihar Politics: बिहार में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। नीतीश कुमार के फिर से पाला बदलने की संभावनाएं भी बढ़ती जा रही हैं। हालांकि, लालू यादव की पार्टी राजद भी पुरजोर कोशिश कर रही है कि इसबार नीतीश कुमार को आसानी से तख्तापलट करने नहीं देंगे। इसी बीच लालू यादव का एक पुराना ट्वीट वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने नीतीश को सांप बताया था।
कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐसा माना जा रहा है कि नीतीश कुमार कल 28 जनवरी को इस्तीफा दे सकते हैं और कल ही नई सरकार में सीएम पद की शपथ भी ले सकते हैं। इसके अलावा ये भी बात चल रही है कि सुशील मोदी और रेणू देवी को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है।
लालू यादव ने 2017 में किया था ट्वीट
लालू यादव ने 3 अगस्त 2017 को एक्स पर लिखा था- 'नीतीश सांप हैं। जैसे सांप केंचुल छोड़ता है, वैसे ही नीतीश भी केंचुल छोड़ता है और हर 2 साल में सांप की तरह नया चमड़ा धारण कर लेता है। किसी को शक?'
आपको बता दें कि नीतीश कुमार ने उस वक्त भी अपने 'दोस्त' लालू यादव को ‘धोखा’ दे दिया था और NDA के साथ मिल गए थे। इससे राजद पार्टी सत्ता से बाहर हो गई थी, जिसके कारण गुस्से में लालू यादव ने ये ट्वीट किया था।
Advertisement
कब-कब पाला बदल चुके हैं नीतीश?
नीतीश कुमार अबतक 4 बार पाला बदल चुके हैं। अगर वो NDA में शामिल होते हैं तो यह उनका पांचवां यू-टर्न होगा। पहली बार 1994 में पाला बदलकर NDA में शामिल होने के बाद उन्होंने फिर 2014 में ऐलान किया था कि वो अब अकेले चुनाव लड़ेंगे। फिर उन्होंने लालू यादव के साथ गठबंधन किया और 2015 में बिहार के सीएम बन गए। फिर 2 साल बाद लालू यादव के बेटे तेजस्वी का नाम IRCTC घोटाले में आने के बाद 2017 में उन्होंने लालू परिवार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर उनसे किनारा कर लिया और बीजेपी से हाथ मिलाकर फिर सरकार बना लगी।
इसके बाद 2022 में उन्होंने फिर पाला बदला। उन्होंने बीजेपी के साथ गठबंधन तोड़ दिया और RJD, कांग्रेस और लेफ्ट के साथ मिलकर सरकार बना ली। वहीं, ठीक 2 साल बाद वो फिर से पाला बदलने की फिराक में हैं।