दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट रनवे पर फिसलने लगी, विमान में सवार थे कांग्रेस सांसद; बोले- 'कुछ तो गड़बड़ है, ऐसा लगा जैसे...'
एयर इंडिया की दो फ्लाइट में एक बार फिर तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।
- भारत
- 2 min read

एयर इंडिया फ्लाइट के दिन अच्छे नहीं चल रहे हैं। कभी हादसे हो रहे हैं, तो कभी इमरजेंसी लैंडिंग, लेकिन वजह सिर्फ एक है- विमान में तकनीकी खराबी। एयर इंडिया की दो फ्लाइट में एक बार फिर तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।
पहली फ्लाइट कोच्ची से दिल्ली आने वाली थी, जिसमें कांग्रेस सांसद हिबी ईडन भी सवार थे। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में अपने एयर इंडिया एक्सपीरिएंस को शेयर किया, और बताया कि उन्हें महसूस हुआ कि फ्लाइट रनवे पर फिसलने लगी थी। वहीं, दूसरी फ्लाइट मिलान से दिल्ली आने वाली थी, जिसे देर रात रद्द कर दिया गया।
एयर इंडिया के प्रवक्ता का आया बयान
एयर इंडिया की दोनों फ्लाइट में गड़बड़ी के बाद एयरलाइंस के प्रवक्ता का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। मिलान से दिल्ली आने वाले यात्रियों के लिए होटल रूम, पूरा रिफंड, या ऑप्शनल उड़ान की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, कोच्चि में कांग्रेस नेता के आरोप पर अभी एयर इंडिया ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
कांग्रेस नेता ने एक्स पर क्या लिखा?
कांग्रेस नेता हिबी ईडन ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'इस AI 504 उड़ान में कुछ असामान्य बात हुई। ऐसा लगा जैसे विमान रनवे पर फिसल गया और अभी तक उड़ान नहीं भर पाया है। एयर इंडिया ने AI 504 को रद्द कर दिया और रात 1 बजे एक नई उड़ान की घोषणा की, जिसमें अभी तक बोर्डिंग शुरू नहीं हुई है। आज तीसरी उड़ान है जो AOG हो गई है।'
Advertisement
इससे पहले वालियर एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा उस वक्त टल गया जब लैंडिंग के वक्त एयर इंडिया का विमान रनवे पर लड़खड़ा गया। विमान बेंगलुरु से आ रहा था। उसमें सवार यात्रियों की जान हलक में आ गई, लेकिन पायलट ने फौरन जहाज को टेकऑफ कर लिया और फिर दूसरी बार सफल लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के समय फ्लाइट अचानक झटके खाने लगी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।