अपडेटेड 4 September 2025 at 15:56 IST

कार में ट्रंप मुद्दे पर भी हुई थी चर्चा... PM मोदी के साथ 1.30 घंटे तक क्या बात करते रहे पुतिन? रूसी राष्ट्रपति ने खुद बता दिया सबकुछ

Putin PM Modi Talks: कई दिनों तक पूरी दुनिया के जानकार इस बात का अंदाजा लगाते रहे कि 45 मिनट की कार यात्रा और फिर होटल पहुंचने के बाद भी 50 मिनट तक दोनों नेता कार में क्या बात करते रहे।

PM Modi and Putin | Image: Narendra Modi/X

Putin PM Modi Talks: चीन के तियानजिन में आयोजित SCO समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की केमिस्ट्री के बारे में खूब चर्चा हुई। इस दौरान पीएम मोदी और पुतिन के कार के सफर ने भी दुनियाभर का खूब ध्यान खींचा।

कई दिनों तक पूरी दुनिया के जानकार इस बात का अंदाजा लगाते रहे कि 45 मिनट की कार यात्रा और फिर होटल पहुंचने के बाद भी 50 मिनट तक दोनों नेता कार में क्या बात करते रहे। अब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस कार सफर के बारे में विस्तार से बताया है।

क्या बोले पुतिन?

चीन में जब पत्रकारों ने पुतिन से पूछा कि पीएम मोदी के साथ 1.30 घंटे तक कार में क्या बात हुई। इस पर रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने पीएम मोदी को अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई बातचीत के बारे में विस्तार से बताया। आपको बता दें कि अलास्का में पुतिन और ट्रंप के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध मुद्दे पर बातचीत हुई थी। इस मीटिंग को दोनों नेताओं ने सार्थक बताया था और जल्दी ही पुतिन और जेलेंस्की को एक साथ एक टेबल पर लाने की संभावना पर बात की थी।

पीएम मोदी-पुतिन की कार वार्ता के बाद फुसफुसाने लगी दुनिया

रूसी मीडिया में भी इस मीटिंग को बढ़-चढ़कर कवर किया गया था। बताया गया था कि पुतिन ने 10 मिनट तक कार में बैठकर पीएम मोदी का इंतजार भी किया था। इसके बाद 45 मिनट तक दोनों नेता कार में बात करते रहे। फिर होटल पहुंचने के बाद भी 50 मिनट तक दोनों नेता कार से बाहर नहीं आए। रूसी मीडिया ने कहा कि यह पीएम मोदी और पुतिन के बीच अब तक की सबसे गोपनीय चर्चा रही, जिसमें जिस भी मुद्दे पर बात हुई, वो किसी और के कानों तक नहीं पहुंचनी चाहिए।

माना जा रहा है कि इस कार बैठक में दोनों नेताओं ने ट्रंप की हरकतों के बारे में भी विस्तार से बात किया होगा, जिसमें भारत पर रूसी तेल की वजह से 50 प्रतिशत टैरिफ लगाना भी शामिल है। आपको बता दें कि इस बैठक ने एक बार फिर रणनीतिकारों और डोनाल्ड ट्रंप को रूस-भारत की गहरी दोस्ती की तस्वीर दिखा दी।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में बाढ़ से और बिगड़े हालात,यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन बंद

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 4 September 2025 at 15:56 IST