अपडेटेड 27 April 2024 at 18:22 IST
बवंडर से थर्राया अमेरिका! नेब्रास्का में तांडव मचाते दिखा तूफान, ताश के पत्तों की तरह बिखरीं इमारतें
Nebraska Tornado: नेब्रास्का के उपनगरीय ओमाहा में शुक्रवार दोपहर को बवंडर ने कहर बरपाया और भारी तबाही मच गई।
Nebraska Tornado: नेब्रास्का के उपनगरीय ओमाहा में शुक्रवार दोपहर को बवंडर ने कहर बरपाया और भारी तबाही मच गई। इस बवंडर की भयावहता को देखकर पूरा नेब्रास्का थर्रा उठा। आपको बता दें कि इस भयानक तूफान ने कई इमारतों को निगल लिया। तूफान के बाद चारों तरफ केवल तबाही के संकेत मिलते नजर आए।
सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप
नेब्रास्का में कई बवंडर देखे गए, जिसमें एक विशेष रूप से ओमाहा के उत्तर-पश्चिम उपनगरों में अपना रास्ता बना रहा था। सड़कों पर चलती गाड़ियों के साथ इस बवंडर को देखकर ऐसा लग रहा था मानों कोई राक्षस दुनिया को निगल लेने के लिए धरती पर उतर आया हो।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपदा के बाद के हालात को दर्शाने वाली तस्वीरों की बाढ़ आ गई, जिसमें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त घरों और उखड़े हुए पेड़ों को दिखाया गया। वीडियो में मलबे से बिखरे परिदृश्यों के भयावह दृश्यों को कैद किया गया है।
कई इमारतों के गिरने की सूचना
नेब्रास्का के लैंकेस्टर काउंटी में तीन लोग घायल हो गए, जब एक बवंडर ने एक औद्योगिक इमारत को टक्कर मार दी, जिससे 70 लोगों के साथ इमारत ढह गई। अधिकारियों ने कहा कि कई लोग फंस गए थे, लेकिन सभी को निकाल लिया गया और चोटें जानलेवा नहीं थीं।
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, ओमाहा पुलिस लेफ्टिनेंट नील बोनाची ने कहा कि ओमाहा में सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस और अग्निशमन कर्मी लोगों की मदद के लिए घर-घर पहुंचे। ओमाहा फायर चीफ कैथी बॉसमैन ने कहा, क्रू सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र में गए और उन्होंने हर जगह पर अच्छे से तलाशी ली, जहां किसी के फंसने की संभावना हो सकती थी।
बॉसमैन ने कहा कि हम क्षेत्र की बेहतर तलाशी के लिए एक रणनीतिक योजना बनाने जा रहे हैं, जिसकी शुरुआत सबसे अधिक नुकसान वाली संपत्तियों से होगी। हम मलबे के ढेर में सभी संपत्तियों की तलाश करेंगे। हम बेसमेंट में तलाश करेंगे। किसी भी पीड़ित को ढूंढने की कोशिश करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि हर किसी को बचाया जाए जिसे सहायता की आवश्यकता है।
ये भी पढ़ेंः BJP ने जारी की नई लिस्ट, मुंबई उत्तर मध्य से पूनम महाजन की जगह उज्ज्वल निकम को टिकट
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 27 April 2024 at 18:22 IST