अपडेटेड 14 September 2025 at 18:08 IST

ट्रांसजेंडर पर पत्रकार ने पूछा था सवाल, तभी चली गोली... क्या रूम पार्टनर से 'बेइंतहा मोहब्बत' के लिए टायलर ने कर दी चार्ली किर्क की हत्या?

चार्ली किर्क की हत्या करने वाला संदिग्ध शूटर टायलर रॉबिन्सन एक ट्रांसजेंडर साथी के साथ रह रहा था, जो लड़का से लड़की बनने की प्रक्रिया में है।

चार्ली किर्क और टायलर | Image: X/AP

चार्ली किर्क की हत्या करने वाला संदिग्ध शूटर टायलर रॉबिन्सन एक ट्रांसजेंडर साथी के साथ रह रहा था, जो कथित रूप से लड़का से लड़की बनने की प्रक्रिया में है। एक न्यूज एजेंसी को सूत्रों के हवाले से इसके बारे में पता लगा है।

अमेरिकी मीडिया के सूत्रों के अनुसार, वह व्यक्ति, जिसका नाम पुलिस ने अभी तक नहीं बताया है, अब चार्ली की हत्या की जांच में FBI की पूरी मदद कर रहा है। आपको बता दें कि संदिग्ध हत्यारे को उस टेक्स्ट मैसेज और अन्य कम्युनिकेशन के कारण पकड़ने में एफबीआई कामयाब हुई थी, जो ट्रांसजेंडर व्यक्ति और 22 वर्षीय रॉबिन्सन के बीच हुई बातचीत का हिस्सा थी। हालांकि, दोनों रूममेट के बीच के अफेयर के बारे में कोई जानकारी कन्फर्म नहीं हो पाई है।

शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिकारियों ने खुलासा किया कि एक रूममेट जो उनकी जांच में सहायता कर रहा था, ने उन्हें टायलर नाम के एक कॉन्टैक्ट से बातचीत वाला मैसेज दिखाया है, जिसमें ड्रॉप पॉइंट से एक राइफल को लेने की आवश्यकता के बारे में बात की गई थी और इस दौरान उस गोली के खोल के बारे में भी पता चला था जो घटनास्थल पर पाए गए खोल से मिलते जुलते थे।

कौन है टायलर?

वाशिंगटन, यूटा के 22 वर्षीय टायलर जेम्स रॉबिन्सन को गंभीर हत्या, गंभीर शारीरिक क्षति पहुंचाने वाली बंदूक से गोली चलाने और न्याय में बाधा डालने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। ये सभी गंभीर अपराध हैं, जैसा कि बयान में बताया गया है। एक जज ने उसे बिना जमानत के हिरासत में रखने का आदेश दिया। राज्य और संघीय अदालतों के रिकॉर्ड में उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, रॉबिन्सन के दो छोटे भाई हैं और उसके माता-पिता की शादी को लगभग 25 साल हो चुके हैं। रॉबिन्सन की मां के पोस्ट से पता चलता है कि परिवार डिजनीलैंड, हवाई, कैरिबियन और अलास्का में छुट्टियां मनाता था। वे अक्सर बाहर समय बिताते थे। 2017 की एक पोस्ट में परिवार को एक सैन्य प्रतिष्ठान का दौरा करते और असॉल्ट राइफलों के साथ पोज देते हुए दिखाया गया है। एक फोटो में युवा रॉबिन्सन को 50-कैलिबर की भारी मशीन गन के हैंडल पकड़े हुए मुस्कुराते हुए दिखाया गया है।

कौन थे चार्ली किर्क?

चार्ली किर्क को अमेरिका कंजरवेटिव युवा का आइडल माना जाता था। चार्ली अमेरिकी चुनाव में ट्रंप और युवा के बीच की अहम कड़ी थे। 18 साल की उम्र में चार्ली ने टर्निंग प्वाइंट US की स्थापना की। किर्क ने इसके अलावा टर्निंग प्वाइंट एक्शन की भी शुरुआत की थी। हालांकि, किर्क के पास स्नातक की डिग्री नहीं थी, लेकिन फिर भी अपने काम और अपने विचार की वजह से वह रिपब्लिकन का एक जाना-माना चेहरा बन गए।

31 वर्षीय किर्क को उनके कॉलेज के दौरे "अमेरिकन कमबैक" के दौरान ट्रांसजेंडर सामूहिक गोलीबारी करने वालों से संबंधित एक सवाल पूछे जाने के तुरंत बाद गर्दन में गोली मार दी गई। यूटा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक पत्रकार ने किर्क से पूछा, "क्या आप जानते हैं कि पिछले 10 वर्षों में कितने ट्रांसजेंडर अमेरिकी सामूहिक गोलीबारी करने वाले रहे हैं?" कर्क ने जवाब दिया, "बहुत ज्यादा।" इसके कुछ ही देर बाद किर्क की हत्या कर दी गई।

ये भी पढ़ेंः हमले के 24 घंटे के भीतर गाजा के लिए IDF का अलर्ट, कहा- फिर हमला करेंगे

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 14 September 2025 at 18:08 IST