अपडेटेड 21 August 2024 at 19:29 IST
PM Modi Ukraine Visit: मोदी के यूक्रेन दौरे से चीन को लगी मिर्ची, अब अमेरिका को लेकर बघारने लगा शेखी
PM Modi Visit to Ukraine: PM मोदी अपना पोलैंड दौरा खत्म करने के बाद यूक्रेन जाने वाले हैं।
PM Modi Visit to Ukraine: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना पोलैंड दौरा खत्म करने के बाद यूक्रेन जाने वाले हैं। इस दौरे पर पूरी दुनिया की नजर टिकी है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यूक्रेन दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।
आपको बता दें कि इस दौरे से पहले ही चीन इसे रणनीतिक रूप देने में लग गया है। चीन ने अपने मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स में लिखा है कि यह दौरा अमेरिका को खुश करने के लिए एक रणनीतिक दौरा है।
चीन ने क्या कहा?
चीनी मुखपत्र के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय अध्ययन के लिए शंघाई इंस्टीट्यूट में चीन-दक्षिण एशिया सहयोग अनुसंधान केंद्र के महासचिव लियू जोंगयी ने कहा कि जुलाई में रूस की यात्रा से मोदी की वापसी के बाद भारत ने अमेरिका और रूस के बीच अपने संबंधों को संतुलित करने के प्रयास में यूक्रेन की यात्रा का प्रस्ताव रखा। मोदी की रूस यात्रा से कई पश्चिमी देशों, विशेषकर अमेरिका में असंतोष फैल गया था। मोदी की यूक्रेन यात्रा से भारत का लक्ष्य अमेरिका और रूस के बीच नाजुक संतुलन बनाए रखते हुए पश्चिम के साथ अपने संबंधों को सुधारना है। हालांकि, यूक्रेन की यात्रा का प्रस्ताव रूस के कुर्स्क क्षेत्र में संघर्ष से पहले किया गया था, और अब चल रही झड़पों के साथ यह एक दैनिक घटना है, जिसके कारण भारत खुद को दुविधा में फंसा हुआ देख रहा है।
रूस में बड़ा हमला
PM मोदी के यूक्रेन दौरे से पहले आज रूस में बड़ा हमला किया गया। यूक्रेन ने रूसी शहरों में 45 ड्रोन से अटैक किया, जिसमें से 11 ड्रोन अटैक केवल मॉस्को में किए गए। रूस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि मॉस्को क्षेत्र में 11 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया गया, लेकिन राजधानी में किसी भी प्रोजेक्टाइल ने प्रभाव नहीं डाला।
रूसी सेना ने कहा कि उसने कुल 45 एकतरफा ड्रोनों को मार गिराया, जिनमें ब्रांस्क क्षेत्र में 23, बेलगोरोड में 6, कलुगा में तीन और कुर्स्क में दो गिराए गए ड्रोन शामिल हैं।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने टेलीग्राम पर कहा, "ड्रोन का उपयोग करके मॉस्को पर हमला करने का यह अब तक का सबसे बड़ा प्रयास था।"
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 21 August 2024 at 18:41 IST