पीस डील की ऐसी की तैसी... होर्मुज फिर बंद, इजरायल ने लेबनान पर हमले कर ली 18 की जान तो भड़के ईरान का बड़ा एक्शन, क्या करेंगे ट्रंप?
ईरान के सरकारी मीडिया ने शनिवार को बताया कि ईरान की मिलिट्री कमांड ने कहा है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बंद कर रही है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
ईरान के सरकारी मीडिया ने शनिवार को बताया कि ईरान की मिलिट्री कमांड ने कहा है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बंद कर रही है।
आपको बता दें कि ईरान ने ऐसा ऐलान इसलिए किया है, क्योंकि इजरायल पर लेबनान में युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप है और अमेरिका युद्ध खत्म करने के लिए हुए शुरुआती समझौते की पहली शर्त को लागू करने में नाकाम रहा है।
बयान में क्या कहा गया?
ईरान की शीर्ष संयुक्त सैन्य कमान, 'खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर' ने सरकारी प्रसारक IRIB के जरिए जारी एक बयान में कहा, "अमेरिका की बदनीयती और युद्ध खत्म करने वाले मेमोरेंडम के पहले आर्टिकल को लागू न करके अपने वादों को साफ तौर पर तोड़ने, और दक्षिणी लेबनान में जायोनी शासन द्वारा लगातार सीजफायर का उल्लंघन करने के जवाब में हम यह घोषणा करते हैं कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से जहाजों के गुजरने पर रोक लगा दी जाएगी।"
इस हफ्ते हुए समझौते के बावजूद इजरायल के लेबनान पर हमले जारी रखने से ईरान और अमेरिका दोनों ने नाराजगी जताई है। समझौते में साफ कहा गया था कि लेबनान समेत सभी मोर्चों पर लड़ाई बंद होनी चाहिए।
शनिवार सुबह इजरायली हमलों में करीब 18 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे। लेबनान की सिविल डिफेंस और मीडिया के मुताबिक, यह घटना अमेरिका के उस बयान के एक दिन बाद हुई जिसमें कहा गया था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कहने पर इजरायल और हिज्बुल्लाह ने नए सिरे से सीजफायर लागू किया है।
आज भी हुए थे हमले
लेबनान की समाचार एजेंसी ने बताया कि शनिवार सुबह इजरायल ने लेबनान के दक्षिणी हिस्से में कई कस्बों पर हमले किए। एजेंसी के अनुसार, अरबसलिम कस्बे में हवाई हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और देर अल-जहरानी कस्बे में ड्रोन हमले में एक व्यक्ति मारा गया। एजेंसी ने बताया कि मलबे के नीचे कम से कम सात लोग फंसे हुए हैं। लेबनान की सेना ने कहा कि दक्षिणी लेबनान में कफर रुम्मान और नबातिह के बीच एक सैनिक की मौत हो गई।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 20 June 2026 at 19:45 IST