UP: विधायक निवास की सातवीं मंजिल से गिरकर BJP नेता की मौत के बाद हड़कंप, खुदकुशी की आशंका
लखनऊ में पूर्व राज्य मंत्री और BJP ओबीसी मोर्चा के मंत्री नानक दीन भुर्जी विधायक निवास की सातवीं मंजिल से गिर गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
- भारत
- 2 min read
लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित नए विधायक निवास परिसर में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री नानकदीन भुर्जी इमारत की सातवीं मंजिल से नीचे गिर गए। यह घटना दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। घटना की खबर फैलते ही विधायक निवास परिसर सहित आसपास के पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग मौके पर जमा होने लगे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और गंभीर रूप से घायल भुर्जी को नजदीकी सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 56 वर्षीय नानकदीन भुर्जी लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे और पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ में प्रदेश महामंत्री का जिम्मा संभाल रहे थे। इसके अलावा वे हिंदुस्तान पिछड़ा मोर्चा नामक संगठन के भी अध्यक्ष थे, जिसकी स्थापना में उनकी अहम भूमिका रही थी।
सातवीं मंजिल से गिरे कैसे?
घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर भुर्जी सातवीं मंजिल से गिरे कैसे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इस बारे में कोई ठोस निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी कि यह हादसा था, आत्महत्या का मामला था, या फिर किसी सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा खुलासा
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने घटना पर शोक जताते हुए कहा कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली, वे प्रदेश कार्यालय से अन्य पदाधिकारियों के साथ मौके के लिए रवाना हो गए थे, लेकिन रास्ते में ही पता चला कि भुर्जी को अस्पताल ले जाया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की असली तस्वीर सामने आ पाएगी।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 28 July 2026 at 15:50 IST