Japan Earthquake: जापान में तेज भूकंप के झटके, 7.1 की तीव्रता से कांपी धरती; सुनामी का अलर्ट जारी.

जापान में भीषण भूकंप आया है। जापान में क्यूशू द्वीप के कुमामोतो में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने एक मीटर तक ऊंची लहरों की सुनामी की चेतावनी जारी कर दी है।

Japan Earthquake
जापान में कांपी धरती | Image: AP

Japan Earthquake: जापान में 7.1 की तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं जिसके बाद सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया गया है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी जापान के कुमामोटो में सबसे तगड़े झटके महसूस किए गए। मौसम एजेंसी के मुताबिक, ये भूकंप स्थानीय समयानुसार दोपहर बाद 4 बजकर 27 मिनट पर आया। भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर नीचे थी।

भूकंप का केंद्र कुमामोटो में था

दक्षिण-पश्चिमी जापान में एरियाके सागर और यात्सुशिरो सागर के लिए एक मीटर ऊंची सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार इसका केंद्र कुमामोटो के तटीय शहर उकी के पास था। ये भूकंप जमीन से सिर्फ 10 किलोमीटर की गहराई पर था, इसलिए झटके बेहद तेज महसूस किए गए हैं। फिलहाल नुकसान को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ पाई है।

तेज झटकों के बाद सुनामी की चेतावनी

भूकंप के तुरंत बाद जापानी प्रशासन ने तटीय इलाकों के लिए 1 मीटर ऊंची सुनामी लहरें उठने की चेतावनी जारी कर दी है। ताजा मिली जानकारी के मुताबिक, दक्षिणी जापान के कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी के लिए आपातकालीन अलर्ट जारी किए गए हैं। तटीय इलाकों और नदियों के पास रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। क्षेत्र के प्रमुख परमाणु बिजलीघरों जैसे सेंडाई और जेनकाई न्यूक्लियर पावर स्टेशन से फिलहाल किसी भी तरह की गड़बड़ी या खतरे की खबर नहीं है।

लोगों से अपील की जा रही है कि गिरे हुए या टूटे बिजली के तारों को न छुएं। साथ ही कहीं भी बिजली के उपकरणों या लाइनों में नुकसान दिखने पर तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दें।
 

Advertisement

यह भी  पढ़ें: 'बेकाबू थी, वॉर्निंग के बाद बल प्रयोग', एक्शन रिपोर्ट में पुलिस का दावा

Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड