सहारनपुर पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद अफरा-तफरी, कई लोगों की मौत की आशंका, शरीर के उड़े चिथड़े
गंगोह क्षेत्र स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट होने की सूचना सामने आई है।
- भारत
- 2 min read
सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र स्थित नया गांव में शुक्रवार को एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट होने से पूरे इलाके में कोहराम मच गया। धमाका इतना भयानक था कि आसपास के गांवों तक इसकी गूंज सुनाई दी और लोग घरों से बाहर निकल आए।
अब तक इस हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि फैक्ट्री का ठेकेदार और वहां काम करने वाला एक युवक अभी भी लापता बताया जा रहा है।
इमारत को भारी नुकसान पहुंचा
विस्फोट के तुरंत बाद फैक्ट्री परिसर के एक हिस्से में आग भड़क उठी, जिससे इमारत को भारी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों और मकानों की खिड़कियां तक हिल गईं। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस बल, फायर ब्रिगेड और बचाव दल की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना कर दी गईं।
सूत्रों की मानें तो धमाके का असर इतना जबरदस्त था कि एक शव मौके से करीब 500 मीटर दूर जाकर मिला, जो विस्फोट की तीव्रता से बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था। घटना देखने वाले लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले भी ऐसा भयावह मंजर कभी नहीं देखा।
लापता लोगों की तलाश जारी
सहारनपुर के एसएसपी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी करते नजर आए। उन्होंने बताया कि टीमें मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं, वहीं जो लोग मलबे के नीचे दबकर घायल हुए हैं, उन्हें निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 24 July 2026 at 19:42 IST