अपडेटेड 3 July 2024 at 18:34 IST
झारखंड से बड़ी खबर, चंपई सोरेन दे सकते हैं इस्तीफा, जेल से आने के बाद फिर CM बनेंगे हेमंत
Jharkhand Breaking: चंपई सोरेन सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
Jharkhand Breaking: झारखंड से बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के हवाले से जानकारी मिल रही है कि चंपई सोरेन झारखंड के सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। विधायकों ने झारखंड सीएम के लिए एक बार फिर हेमंत सोरेन के नाम पर मुहर लगाई है। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
कब CM बनाए गए थे चंपई?
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और जेएमएम नेता हेमंत सोरेन को तथाकथित भूमि घोटाला मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने पिछले दिन जमानत दी। 31 जनवरी 2024 को हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी हुई थी। उसके पहले सोरेन सत्ता छोड़ चुके थे। चर्चाएं थीं कि हेमंत सोरेन की गैरमौजूदगी में कुर्सी पर उनकी पत्नी कल्पना सोरेन बैठ सकती हैं। हालांकि बाद में सत्ता की बागडोर जेएमएम के कद्दावर नेता चंपई सोरेन को सौंप दी गई, लेकिन गिरफ्तारी के बाद सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन JMM का चेहरा बन गईं।
पार्टी को मिलेगी मजबूती?
जेल से लौटने पर मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने हेमंत से मुलाकात भी की। चंपई सोरेन कहते हैं कि हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था कि हमें न्याय मिलेगा। 2019 और 2024 दोनों चुनाव हमने उनके नाम पर ही लड़ा। मतलब वो सारा क्रेडिट हेमंत सोरेन को ही दे रहे हैं।
हेमंत सोरेन को जमानत मिलने से विधानसभा चुनावों से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार को एक बहुत जरूरी ताकत मिली है। उनकी गिरफ्तारी के बाद झारखंड की जनता के मन में हेमंत के प्रति सहानुभूति दिखी है और शायद यही वजह है कि लोकसभा चुनावों में जेएमएम गठबंधन 5 सीटें जीतने में सफल रहा। लोकसभा चुनावों के साथ-साथ गांडेय में हुए उपचुनाव में जेएमएम को जीत मिली। ये दर्शाता है कि झामुमो और उसके सहयोगियों की राज्य के आदिवासी इलाकों में पकड़ बनी हुई है। सोरेन की रिहाई के बाद ये पकड़ और मजबूत होने की उम्मीद है।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 3 July 2024 at 17:01 IST