अपडेटेड 16 December 2025 at 14:44 IST

गोवा अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड से लाया गया दिल्ली, एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, 25 लोगों की हुई थी मौत

गोवा के अरपोरा नाइटक्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा बैंकॉक से दिल्ली लाए गए हैं।

Follow :  
×

Share


लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड से भारत लाया गया | Image: Republic

गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा बैंकॉक से दिल्ली लाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, एयरपोर्ट पर ही लूथरा ब्रदर्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। गोवा पुलिस ने एयरपोर्ट इमिग्रेशन पर ही दोनों को गिरफ्तार किया है।

आपको बता दें कि सौरभ और गौरव लूथरा अरपोरा नाइट क्लब के को-ओनर्स हैं। उन्हें 11 दिसंबर को थाईलैंड पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद अब क्या होगा?

अधिकारियों ने बताया कि गोवा पुलिस दोनों भाइयों को दिल्ली की अदालत में पेश करेगी, जहां जांच एजेंसी आगे की पूछताछ के लिए उन्हें गोवा ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड मांगेगी। यह रिमांड गोवा पुलिस को पूछताछ के लिए उन्हें गोवा के अंजुना पुलिस स्टेशन ले जाने की अनुमति देगा।

लूथरा ब्रदर्स को दिल्ली की अदालत में पेश करना जरूरी है क्योंकि दोनों भाइयों की गिरफ्तारी और हिरासत ट्रांसफर गोवा के अधिकार क्षेत्र से बाहर हो रहा है। इन सभी कानूनी औपचारिकताओं के बाद आरोपियों को पुलिस हिरासत में गोवा ले जाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक उन्हें 17 दिसंबर को गोवा के मापुसा मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जा सकता है।

क्या है पूरा मामला?

भारतीय अधिकारियों द्वारा उनके पासपोर्ट सस्पेंड करने और थाई अधिकारियों से उन्हें डिपोर्ट करने का अनुरोध करने के बाद थाई पुलिस ने गुरुवार को फुकेट के एक रिजॉर्ट से लूथरा ब्रदर्स को हिरासत में ले लिया था। आपको बता दें कि यह दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत संभव हुआ है, जो 2015 से लागू है।

थाई अधिकारियों ने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग के तहत उचित प्रक्रिया का पालन किया गया, जिसके कारण लूथरा ब्रदर्स को तुरंत कानूनी रूप से सौंप दिया गया। गोवा पुलिस ने 7 दिसंबर को पुलिस स्टेशन अरपोरा अंजुना, नॉर्थ गोवा में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 105, 125, 125(a), 125(b), और 287, साथ में 3(5) के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज किया था।

FIR में कहा गया है कि 6 दिसंबर को, आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा ने अरपोरा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में बिना उचित सावधानी बरते और बिना आग बुझाने के उपकरण और अन्य सुरक्षा उपाय प्रदान किए एक फायर शो आयोजित किया था। इस फायर शो के कारण भीषण आग लग गई, जिससे पर्यटकों और कर्मचारियों सहित 25 निर्दोष लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। लूथरा ब्रदर्स को यह पता होने के बावजूद कि रेस्टोरेंट में आपात स्थिति में लोगों को निकालने के लिए ग्राउंड या डेक फ्लोर पर इमरजेंसी एग्जिट गेट नहीं हैं, उन्होंने फायर शो आयोजित किया।

ये भी पढ़ेंः क्राउन प्रिंस ने खुद चलाई कार... जॉर्डन में PM मोदी का 'शाही' स्वागत

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 16 December 2025 at 14:06 IST