अपडेटेड 2 March 2025 at 16:42 IST

आगे बढ़ने की दौड़ में मारी गईं हिमानी नरवाल? बिलखती मां के दावे किसकी ओर कर रहे इशारा, अनिल विज बोले- सामने आएगा सच

हिमानी नरवाल की मां का कहना है कि अपराधी कांग्रेस से जुड़ा व्यक्ति हो सकता है। राहुल गांधी की पदयात्रा के बाद से उसके बढ़ते कदम से कुछ लोग खुश नहीं थे।

Follow :  
×

Share


हिमानी नरवाल हत्याकांड पर पीड़िता की मां ने प्रतिक्रिया दी. | Image: ANI

Himani Narwal Murder Case: हिमानी नरवाल पारिवारिक विवाद की भेंट चढ़ीं हैं या राजनीति में बढ़ते प्रभाव के चलते दुश्मनों ने उनकी जान ली है? हरियाणा के सांपला में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता की मर्डर मिस्ट्री कई सवालों के बीच उलझी है। हिमानी नरवाल का शव एक सूटकेस के अंदर मिला, जो हत्या की ओर इशारा करता है। पुलिस और पीड़ित परिवार भी इस घटनाक्रम को हत्याकांड मान रहे हैं। हालांकि परिवार के लोगों के बयान एक सोची समझी साजिश के तहत मर्डर की ओर इशारा करते हैं।

हिमानी नरवाल कांग्रेस को वो महिला कार्यकर्ता थी, जिसे राहुल गांधी के साथ उनकी यात्रा के समय देखा गया था। हिमानी चुनाव प्रचार के दौरान हरियाणा कांग्रेस के दिग्गज नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा के साथ भी काफी सक्रिय तौर पर रही थी। फिलहाल मृतक हिमानी नरवाल की मां सविता कांग्रेस पार्टी को जिम्मेवार ठहरा रही हैं। हिमानी की मां सविता कहती हैं- 'चुनाव और पार्टी ने मेरी बेटी की जान ले ली। इस वजह से उसने कुछ दुश्मन बना लिए। ये (अपराधी) पार्टी से भी हो सकते हैं, उसके दोस्त भी हो सकते हैं।'

अपराधी कांग्रेस से जुड़ा कोई व्यक्ति हो सकता है- हिमानी की मां

हिमानी नरवाल की मां सविता अपने बयान में कहती हैं- 'हमें लगता है कि यह (अपराधी) कांग्रेस पार्टी से जुड़ा कोई व्यक्ति हो सकता है। राहुल गांधी की पदयात्रा के ठीक बाद से ही वो कुछ लोगों के लिए एक दुखती रग बन गई थी। कुछ लोगों को आश्चर्य हुआ कि वो इतनी कम उम्र में इतनी जल्दी कैसे आगे बढ़ गई। ये बात आशा हुड्डा जानती थीं, बत्रा साहब और हुड्डा साहब भी जानते थे। ये बात सभी जानते थे। चुनाव के दौरान वो रात 2 बजे तक काम करती थी।'

यह भी पढ़ें: कुछ दिन पहले कुंभ से आई थी हिमानी; भाई बोला- परिवार दिल्ली में था और...

शादी की लिए राजी हुई थी हिमानी- मां सविता

उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद उसका पार्टी से थोड़ा मोहभंग हो गया था। उसने कहा कि उसे नौकरी चाहिए और वो पार्टी के लिए ज्यादा काम नहीं करना चाहती। वो पिछले 10 सालों से कांग्रेस से जुड़ी हुई थी। वो शादी करने के लिए भी राजी हो गई थी। वो एलएलबी कर रही थी। कांग्रेस के बड़े नेताओं की तरफ से किसी का फोन तक नहीं होने पर भी हिमानी की मां परेशान दिखीं।

हालांकि हिमानी की मां अपनी पारिवारिक रंजिश की भी बात कर रही थीं। अपने बयान में उन्होंने कहा- 'हां (पारिवारिक विवाद) था, हम थोड़े डर में रहते थे। मैं अपने बेटे को यहां से बीएसएफ कैंप ले गई। मेरे बड़े बेटे की 2011 में हत्या हो गई और हमें कभी न्याय नहीं मिला। इसलिए मैं उसे (दूसरे बेटे को) उसकी जान बचाने के लिए बीएसएफ कैंप ले गई।'

अनिल विज ने भी कांग्रेस पर हमला बोला

हिमानी नरवाल की मां के आरोपों के बाद हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने भी कांग्रेस पर हमला बोला है। हरियाणा के मंत्री अनिल विज कहते हैं- 'उनकी (हिमानी) मां के आरोप गंभीर हैं। कांग्रेस के लोग पहले भी ऐसा करते आए हैं। जल्दी तरक्की करने के लिए दूसरों को पीछे ढकेलना कांग्रेस की पुरानी आदत है।' मंत्री अनिल विज ने आगे कहा कि पुलिस गहराई से इसकी जांच कर रही है। जो भी सच्चाई निकलेगी, उसको अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।

यह भी पढ़ें: नहीं करूंगी बेटी का अंतिम संस्‍कार, कांग्रेस नेता हिमानी की मां की मांग

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 2 March 2025 at 16:42 IST