अपडेटेड 3 September 2025 at 15:56 IST
गिरिराज सिंह ने झटका मीट ना खाने के लिए मुस्लिमों का क्यों किया धन्यवाद? हिंदुओं को दी खाने की सलाह
केंद्रीय कपड़ा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता गिरिराज सिंह ने हिंदुओं को झटका मीट खाने की सलाह दी है।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता गिरिराज सिंह ने हिंदुओं को झटका मीट खाने की सलाह दी है। इसके साथ ही उन्होंने मुस्लिमों को भी इसे ना खाने के लिए धन्यवाद कहा है।
आपको बता दें कि गिरिराज सिंह ने यह बात बिहार के मधुबनी जिले में एक मीट दुकान के दौरे के दौरान कही। केंद्रीय मंत्री के इस बयान को सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।
मुस्लिम समुदाय को क्यों कहा धन्यवाद?
गिरिराज सिंह ने झटका मीट ना खाने के लिए मुस्लिम समुदाय को धन्यवाद किया, और कहा कि इसके लिए वो मुसलमानों का बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा, "मैं झटका मीट ना खाने के लिए मुसलमानों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। आपके करीबी दोस्त जो मुस्लिम हैं, अगर आपके घर आते हैं, तो वे भी झटका मीट नहीं खाएंगे। मैं मुसलमानों का सम्मान करता हूं क्योंकि वे अपने धर्म के प्रति समर्पित होते हैं। वे जीवन भर मुसलमान ही रहते हैं। जब उनकी मृत्यु होती है, तो उन्हें उनकी मान्यताओं के अनुसार अलग से दफनाया जाता है।"
क्या होता है झटका मीट?
झटका का मतलब होता है- तेज। इस प्रक्रिया में जानवर के सिर को एक ही झटके में धड़ से अलग कर दिया जाता है, जिससे वो तुरंत मर जाए। इतना ही नहीं, इससे पहले जानवरों के दिमाग को शून्य कर दिया जाता है, ताकि उसे दर्द ना हो।
बताया जाता है कि जानवरों को चोट लगने पर उनकी मांसपेशियों में ग्लाइकोजन एक्टिव हो जाता है। इससे मांस सख्त हो जाता है। मांस को नरम बनाए रखने के लिए pH मान 5.5 से ज्यादा होना चाहिए। झटका मीट में यह 7 के बराबर होता है। इसी वजह से सिख समुदाय के लोग भी झटका मीट खाना पसंद करते हैं।
आपको बता दें कि साल 2023 में भी गिरिराज सिंह ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार को एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि हलाल मीट का कारोबार देशद्रोह के बराबर है।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 3 September 2025 at 15:56 IST