अपडेटेड 3 September 2025 at 14:35 IST
The Bengal Files: 'आप इस फिल्म को बैन नहीं सैल्यूट करेंगी अगर...', बवाल के बीच विवेक अग्निहोत्री ने CM ममता बनर्जी से ऐसा क्यों कहा?
विवेक अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से 'द बंगाल फाइल्स' को रिलीज करने का निवेदन किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता के लिए एक वीडियो मैसेज भी शेयर किया है।
- मनोरंजन समाचार
- 4 min read

Vivek Agnihotri appeals to CM Mamta Banerjee: फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' को लेकर चर्चा में हैं। ये फिल्म इसी महीने सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। लेकिन रिलीज से पहले ही इसका पुरजोर विरोध हो रहा है। मालूम हो कि फिल्म के ट्रेलर को बंगाल में रिलीज नहीं होने दिया गया था। इस बीच विवेक अग्निहोत्री ने सीएम ममता बनर्जी के नाम एक वीडियो मैसेज शेयर किया है।
विवेक अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से 'द बंगाल फाइल्स' को रिलीज करने का निवेदन किया है। फिल्म निर्माता विवेक ने अपने X हैंडल पर वीडियो शेयर किया है। लगभग 6 मिनट 13 सेकंड के इस वीडियो में वो कहते हैं, 'पश्चिम बंगाल की माननीय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ये वीडियो आपके लिए है। 'द बंगाल फाइल्स' पूरे विश्व में रिलीज होने वाली है। लेकिन सभी का मानना है कि शायद इसे पश्चिम बंगाल में बैन कर दिया जाए। अगर बैन नहीं भी हुई तो उन पर इतना पॉलिटिकल प्रेशर है कि इसे दिखाने की उनहें बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी और इसलिए वो दिखाने से डर रहे हैं। इसी डर से उन्होंने हमारी फिल्म का ट्रेलर भी थिएटर में नहीं दिखाया। जब हमने ट्रेलर को एक प्राइवेट होटल में दिखाने की कोशिश की तो आपकी पुलिस ने उसे किसी कारण से रोक दिया।'
विवेक अग्निहोत्री की सीएम ममता से अपील
विवेक ने आगे कहा, 'आपके पार्टी वर्कर्स भी लगातार 'द बंगाल फाइल्स' को बैन करने की मांग कर रहे हैं। यही नहीं, उन्होंने हम पर कई FIR भी दर्ज की है जिनके पीछे कोई बुनियाद नहीं है। इसलिए मैं हाथ जोड़कर आपसे (सीएम ममता बनर्जी) अनुरोध करता हूं कि इस फिल्म को शांतिपूर्वक रिलीज होने दें।'
उन्होंने आगे कहा, 'पहली बात आपने भारत के संविधान की शपथ ली है और हर नागरिक के अधिकार को प्रोटेक्ट करने की ओथ ली है। यह फिल्म CBFC ने पास की है जो एक कॉन्स्टिट्यूशनल बॉडी है और इसलिए यह आपकी ड्यूटी है कि इस फिल्म को आप शांतिपूर्वक रिलीज करने की जिम्मेदारी लें।'
Advertisement
'भारत सबसे ज्यादा प्रताड़ित और गुलाम रहा'
विवेक आगे कहते हैं, 'दूसरी बात भारत दुनिया का वो देश है जो सबसे ज्यादा समय तक प्रताड़ित हुआ और गुलाम रहा। ना सिर्फ जमीन का बल्कि अपनी आत्मा का भी, अपनी संस्कृति का भी और अपने धर्म का भी। पूरे 1200 साल हमारी संस्कृति, हमारे धर्म, हमारी पहचान, हमारी साहित्य, हमारी कला को खंडित किया गया और इसमें सबसे दर्दनाक चैप्टर बंगाल का है जहां एक्शन डे और नोआखाली नरसंहार हुआ। अगर ऐसा नहीं हुआ होता तो शायद भारत का विभाजन भी नहीं हुआ होता।'
बंगाल जितना बलिदान किसी ने नहीं दिया- विवेक
उन्होंने आगे कहा, 'बंगाल सिर्फ दर्द का नाम नहीं है, बंगाल एक ऐसा देश है जहां से भारत का रेनेसॉस शुरू हुआ। विवेकानंद, राम कृष्ण टैगौर, सुभाष चंद्र बोस- ये सभी बंगाल से ही तो निकले हैं। बंगाल से भारत को राष्ट्रवाद मिला। लेकिन यह एक ऐसा देश भी है जिसका 2 बार विभाजन हुआ। बंगाल ने जितना बलिदान दिया है उतना शायद किसी और ने नहीं दिया। लेकिन आज की पीढ़ी को ये मालूम नहीं है। क्या कारण है जो हमारी पीढ़ी इस दर्दनाक अध्याय के बारे में नहीं जानती। क्या बंगाल के बारे में बताना गुनाह है? अगर आप एक सच्ची भारतीय के तौर पर सोचेंगी तो आप इस फिल्म को बैन नहीं, बल्कि सैल्यूट करेंगी। जब मुस्लिम, क्रिश्चन, दलित या महिलाओं के उत्पीड़न पर फिल्में बन सकती हैं तो हिंदू हिस्ट्री पर क्यों नहीं?'
Advertisement
अगर सच बोलना गुनाह, तो मैं गुनहगार- अग्निहोत्री
वीडियो के अंत में विवेक ने कहा, 'मेरा मानना है कि एक्शन डे और नोआखाली नरसंहार जैसे सत्य को कोई बंगाली बैन कर ही नहीं सकता, अगर वो मुस्लिम लीग का सदस्य नहीं है तो। ये फिल्म किसी समुदाय के खिलाफ नहीं है। उनके खिलाफ है जो इंसानियत के खिलाफ है और आज भी झूठ को जिंदा रखना चाहते हैं। बंगाल का सच भारत का सच है। अगर हम अभी नहीं बोलेंगे तो कब बोलेंगे। अगर सच से डर लगता है तो आईना नहीं तोड़ा जाता। आईना तोड़ने से चेहरा नहीं बदलता, फिर भी अगर आपको लगता है हिंदू इतिहास का सच बोलना भारत में ही गुनाह है, तो में गुनहगार हूं। आप जो चाहे मुझे सजा दे सकती है। वंदे मातरम।'
'द बंगाल फाइल्स' रिलीज डेट
बता दें कि विवेक अग्निहोत्री ने 'द बंगाल फाइल्स' को लिखा और डायरेक्ट किया है। इसमें मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अनुपम खेर और दर्शन कुमार अहम भूमिका में हैं। ये फिल्म 5 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 3 September 2025 at 14:35 IST