कैप्टन की सेहत में सुधार, इजरायल ने 'कॉकपिट अटैक' को बताया आतंकी हमला... 'Flydubai कांड' के 3 दिन बाद अब तक क्या-क्या हुआ?

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में फर्स्ट ऑफिसर ने कैप्टन स्मित मच्छार पर कुल्हाड़ी से हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने 174 इजरायली नागरिकों की जान बचाई। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

Flydubai Hero Pilot Smit Machchhar
Flydubai Hero Pilot Smit Machchhar | Image: X

Flydubai pilot Smit Machchhar: अपनी जान की परवाह किए बिना 174 इजरायली नागरिकों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी का डंका आज दुनियाभर में बज रहा है। इजरायल में आम जनता से लेकर सरकार तक हर कोई उनके साहस और बहादुरी को सलाम कर रहा है। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल कैप्टन के जल्द से जल्द स्वस्थ होने के लिए दुआओं का दौर जारी है।

दरअसल, फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी, लेकिन बुधवार (30 सितंबर 2026) को उड़ान के दौरान ही विमान के फर्स्ट ऑफिसर ने कैप्टन स्मित मच्छार पर कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने किसी तरह विमान की कमान संभाली और सऊदी शहर तबूक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

स्मित मच्छार की सेहत में सुधार

सह-चालक की कोशिश को नाकाम करने के बाद उन्हें इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर दुबई ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने कैप्टन का हेल्थ अपडेट बताते हुए कहा कि उनकी सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है और वो अब बिल्कुल ठीक हैं। 

भारतीय पायलट मच्छार की दुनियाभर में तारीफ

इस बीच, कैप्टन स्मित मच्छार की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टलने पर दुनिया भर के शीर्ष नेताओं ने उनकी जमकर तारीफ की है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू समेत कई वैश्विक नेताओं ने उनकी जांबाजी की सराहना की।

Advertisement

PM मोदी ने मच्छार से की बात

पीएम मोदी ने शुक्रवार को स्मित मच्छार से करीब 9 मिनट वीडियो कॉल पर बात की। उन्होंने कहा कि पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा था और आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहा था। आपके साहस और सूझबूझ से कई लोगों की जान बची। इस दौरान स्मित ने भी बताया कि फ्लाइट में आखिर क्या कुछ हुआ था।

कैप्टन मच्छार के मुरीद हुए ट्रंप-नेतन्याहू

वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि पायलट बहुत बुरी हालत में था और अभी भी है, लेकिन उसमें इतनी समझ थी। वह हीरो था। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा, 'भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को मेरा सलाम। चाकू से घायल और गंभीर रूप से जख्मी होने के बावजूद उन्होंने लड़ाई लड़ी, सामना किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों समेत क्रू की हमलावर को काबू करने में मदद की।'

Advertisement

नेतन्याहू ने दी सख्त चेतावनी

वहीं इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कैप्टन पर हमले के आरोपी ओमानी पायलट को किसने भेजा था, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस घटना के पीछे कोई व्यक्ति या संगठन मिला, तो उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

अमीरात के हवाले ओमानी को-पायलट

सऊदी अरब ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के ओमानी को-पायलट को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के हवाले कर दिया है। इस पर आरोप है कि इसी ने उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया और फ्लाइट को लैंड कराने की कोशिश की।

स्मित मच्छार को वीरता पुरस्कार देने की मांग

फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स ने प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर कैप्टन स्मित मच्छार को पुरस्कार या नागरिक सम्मान देने पर विचार करने की सिफारिश की है। इसके अलावा महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, शिवसेना के राज्यसभा सांसद मिलिंद देवरा से लेकर ऑथर शेफाली वैद्य समेत तमाम नेताओं और हस्तियों ने कैप्टन स्मित मच्छर को अशोक चक्र वीरता पुरस्कार देने की मांग की है।

वहीं इजरायल के कॉन्सल जनरल यानीव रेवाच ने कहा, 'यह एक आतंकी हमला है, इसलिए इसमें कोई शक या सवाल नहीं है। हम इजरायल देश और वहां के लोगों की ओर से बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहते हैं और कैप्टन स्मित की असाधारण बहादुरी का सम्मान करते हैं। यही वजह है कि हम आज उन्हें व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद देने के लिए एक जन-जागरूकता अभियान शुरू कर रहे हैं।' उनका कहना है कि हमें पूरी उम्मीद है कि जब वे ठीक हो जाएंगे, तो हम इजरायल में उनकी मेजबानी कर पाएंगे और उन्हें सम्मानित भी कर पाएंगे। 

यह भी पढ़ें: 'इसमें कोई शक नहीं, यह एक आतंकी हमला था', इजरायल के कॉन्सल जनरल ने कैप्टन मच्छार की तारीफ में पढ़ी कसीदे, धन्यवाद के लिए कैंपेन चलाने का ऐलान

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड