US Iran: इस्लामाबाद से बिना बातचीत लौटे ईरानी विदेश मंत्री, ट्रंप ने भी डेलिगेशन भेजने से किया इनकार, अब आगे क्या होगा?
US Iran Talk: अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता नहीं हो पाई है। पाकिस्तान दौरे पर गए ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची बिना बातचीत वापस लौट गए हैं, जबकि ट्रंप ने भी अपना डेलिगेशन भेजने से इनकार कर दिया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

US Iran news: अमेरिका और ईरान में दूसरे दौर की शांति वार्ता नहीं हो पाई है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शनिवार (25 अप्रैल) शाम इस्लामाबाद से लौट गए। अपने दौरे के दौरान ईरानी विदेश मंत्री पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मिले, लेकिन अमेरिकी अधिकारियों संग उनकी मुलाकात नहीं हुई। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुशनर का पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया।
ईरान का अमेरिका से सीधी बातचीत से इनकार
दरअसल, ईरान ने अमेरिका से सीधे बातचीत करने से इनकार कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघेई ने कहा कि ईरान अपनी बात को पाकिस्तान के जरिए अमेरिका तक पहुंचाएगा। ऐसे में विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पाकिस्तान को ईरान की शर्तें और अमेरिकी मांगों पर अपनी आपत्तियां सौंप दी। वे शाम को ही पाकिस्तान से वापस लौट गए।
ट्रंप ने डेलिगेशन का दौरा किया रद्द
इस बीच, अमेरिका डेलिगेशन ईरान संग बातचीत के लिए पाकिस्तान नहीं पहुंचा। ट्रंप ने ऐलान किया कि वे अपने दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुशनर के पाकिस्तान दौरे को रद्द कर रहे हैं। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "मैंने अभी-अभी अपने उन प्रतिनिधियों की यात्रा रद्द कर दी है, जो ईरानियों से मिलने के लिए इस्लामाबाद, पाकिस्तान जा रहे थे। यात्रा में बहुत समय बर्बाद हो रहा था और काम भी बहुत ज़्यादा था।
उन्होंने कहा कि उनके (ईरान) के "नेतृत्व" के भीतर ही जबरदस्त आपसी कलह और भ्रम की स्थिति है। किसी को नहीं पता कि असल में बागडोर किसके हाथ में है- यहां तक कि उन्हें खुद भी नहीं पता। साथ ही, सारे पत्ते हमारे हाथ में हैं, उनके पास कुछ भी नहीं। अगर वे बात करना चाहते हैं, तो उन्हें बस एक फोन करना है।
Advertisement
अब आगे क्या होगा?
बात जंग की मौजूदा स्थिति की करें तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी संघर्ष में सीजफायर को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि सीजफायर तब तक जारी रहेगा, जब तक प्रस्ताव पेश नहीं हो जाता और दोनों पक्षों के बीच चर्चाएं पूरी नहीं होतीं। हालांकि, इस दौरान अमेरिकी नौसेना द्वारा लगाई गई नाकाबंदी पूरी तरह बरकरार रहेगी और सैन्य ताकतें पूर्ण सतर्कता पर रहेंगी।
यह भी पढ़ें: Donald Trump: वॉशिगंटन DC के होटल में डिनर कर रहे थे डोनाल्ड ट्रंप, तभी हुई फायरिंग, सुरक्षित हैं अमेरिकी राष्ट्रपति?