खत्म हो जाएगा युद्ध? ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियान और विदेश मंत्री जाएंगे अमेरिका, UNGA बैठक में शामिल होने के लिए ट्रंप ने दे दिया वीजा!

डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि ईरान अब इस युद्ध को खत्म कर अमेरिका के साथ समझौता करना चाहता है।

US approves visas for Pezeshkian and top Iranian officials to attend UNGA amid West Asia crisis
खत्म हो जाएगा युद्ध? ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियान और विदेश मंत्री जाएंगे अमेरिका, UNGA बैठक में शामिल होने के लिए ट्रंप ने दे दिया वीजा! | Image: X

अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी खूनी संघर्ष और भू-राजनीतिक तनाव के बीच शांति की एक नई किरण नजर आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि ईरान अब इस युद्ध को खत्म कर अमेरिका के साथ समझौता करना चाहता है। इसी अहम घटनाक्रम के बीच, ट्रंप प्रशासन ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशिकयान और विदेश मंत्री अब्बास अराघची सहित वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों को न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की बैठक में शामिल होने के लिए वीजा मंजूर कर दिया है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि की है कि संयुक्त राष्ट्र की आगामी बैठकों में हिस्सा लेने के लिए ईरान के मुख्य प्रतिनिधिमंडल और उनके जरूरी कर्मचारियों को वीजा जारी कर दिया गया है। अमेरिकी अधिकारियों के स्पष्ट किया है कि इस उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व खुद राष्ट्रपति पेजेशिकयान और विदेश मंत्री अराघची करेंगे। आपको बता दें कि छह महीने से अधिक समय से दोनों देशों के बीच चल रहे प्रत्यक्ष संघर्ष के बीच अमेरिका द्वारा ईरानी नेतृत्व को वीजा देना एक बड़ा और सकारात्मक कूटनीतिक कदम माना जा रहा है।

फरवरी से भड़की थी युद्ध की आग

गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच यह ताजा सैन्य टकराव इसी साल फरवरी में शुरू हुआ था, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर एक बड़ा संयुक्त हमला किया था। इस कार्रवाई में विशेष रूप से ईरान की सरकारी इमारतों, प्रमुख सैन्य ठिकानों और हवाई रक्षा प्रणालियों (Air Defense Systems) को निशाना बनाया गया था।

Advertisement

इस हमले के बाद ईरान ने भी कड़ा पलटवार किया था। ईरान की ओर से इजरायल और मध्य पूर्व के अन्य हिस्सों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए थे, जिसने पूरे क्षेत्र को एक बड़े युद्ध की आग में झोंक दिया था।

ट्रंप का दावा: शांति समझौते की ओर बढ़ रहे कदम

Advertisement

युद्ध को शांत करने और दोनों देशों को बातचीत की मेज पर लाने के लिए पर्दे के पीछे लगातार कूटनीतिक प्रयास चल रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने वर्तमान हालातों पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि युद्ध अब संभवतः अपने अंत की ओर बढ़ रहा है। उनका दावा है कि ईरान ने समझौते की इच्छा जताते हुए अमेरिका से संपर्क साधा है।

अभी भी कई अहम मुद्दों पर पेच बरकरार

भले ही ईरानी राष्ट्रपति को न्यूयॉर्क आने का वीजा मिल गया हो और शांति की उम्मीदें जगी हों, लेकिन जमीनी हकीकत में कई चुनौतियां अब भी बाकी हैं। अंतरराष्ट्रीय जानकारों के मुताबिक, वैश्विक व्यापार के लिए बेहद अहम माने जाने वाले 'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) को फिर से खोलने और ईरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम जैसे संवेदनशील मुद्दों पर फिलहाल किसी ठोस समझौते के संकेत नहीं मिले हैं।

हालांकि, UN महासभा के मंच पर दोनों देशों के अधिकारियों की मौजूदगी से यह उम्मीद जरूर लगाई जा रही है कि जल्द ही इस युद्ध को खत्म करने का कोई स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सकेगा।

इसे भी पढ़ें- Lockdown: पेट्रोल आधा, रात 9 बजे सभी दुकाने बंद, शादियों में सिर्फ एक ही डिश और...पाकिस्‍तान में लॉकडाउन जैसे हालात, जानिए क्या-क्या हुआ बैन?

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड