अपडेटेड 18 August 2025 at 06:58 IST

'भारत और पाकिस्तान के बीच क्या हो रहा है, कहीं सीजफायर ना टूट जाए?', अमेरिकी विदेश मंत्री को क्यों हो रही टेंशन?

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का कहना है कि वो हर रोज भारत-पाकिस्तान पर नजर रखते हैं कि दोनों देशों के बीच अब क्या हो रहा है।

MODI-RUBIO-SHEHBAZ
पीएम मोदी-मार्को रूबियो-शहबाज शरीफ | Image: AP/ANI

भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने का दावा करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मंत्री भी दोनों देशों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का कहना है कि वो हर रोज भारत-पाकिस्तान पर नजर रखते हैं कि दोनों देशों के बीच अब क्या हो रहा है।

आपको बता दें कि रविवार को दिए अपने हालिया बयान में रूबियो ने कहा है कि सीजफायर बनाए रखना आसान नहीं होता, बल्कि ये हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है।

क्या बोले मार्को रूबियो?

मार्को रूबियो ने कहा, 'सीजफायर को बनाए रखना पड़ता है, जो हमेशा से कठिन रहा है। हम हर दिन इस बात पर नजर बनाए रखते हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच क्या हो रहा है।' आपको बता दें कि मार्को रूबियो का बयान ऐसे समय में आया है जब डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ का ऐलान कर दिया है, जबकि पाकिस्तान के साथ वो गलबहियां करने में लगे हैं।

रूस-यूक्रेन युद्ध पर क्या बोले रूबियो?

इस दौरान रूबियो ने रूस-यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जब तक व्लादिमीर पुतिन से ठीक तरीके से बातचीत नहीं होती, तब तक शांति स्थापित करना मुश्किल है। आपको बता दें कि अभी 15 अगस्त को ही अलास्का में ट्रंप और पुतिन के बीच करीब 3 घंटे तक बातचीत चली। इस दौरान कोई डील तो नहीं हुई, लेकिन दोनों नेताओं ने ये स्पष्ट किया कि वो यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने पर जल्दी ही एक मत पर पहुंच सकते हैं।

Advertisement

सूत्रों के अनुसार, ट्रंप ने जोर देकर कहा कि यूक्रेन को रूस के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए एक समझौता करना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के प्रति एक व्यावहारिक दृष्टिकोण का सुझाव दिया। इस बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात को लेकर एक नई अफवाह ने दुनिया को चौंका दिया है। अलास्का समिट में भाग लेने के लिए पुतिन द्वारा एक "बॉडी डबल" का इस्तेमाल करने की अफवाहें उड़ रही हैं। कई लोगों को पुतिन की बॉडी लैंग्वेज देखकर यकीन नहीं हो रहा है कि वो पुतिन ही थे, जिससे डोनाल्ड ट्रंप ने अलास्का में मुलाकात की है।

ये भी पढ़ेंः कौन हैं CP राधाकृष्‍णन? जिन्हें NDA ने बनाया उपराष्ट्रपति उम्मीदवार
 

Advertisement

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 18 August 2025 at 06:56 IST