Nicolas Maduro को लेकर न्यूयॉर्क के DEA ऑफिस पहुंची अमेरिकी सेना, ड्रग्स और हथियार तस्करी का चलेगा मुकदमा- Video
Venezuela News : राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को DEA (ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन) के ऑफिस लाया गया है। मादुरो को अमेरिका में कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
Venezuela President Maduro: अमेरिका ने वेनेजुएला की राजधानी काराकस में शनिवार तड़के भीषण हमले के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को अपने कब्जे में ले लिया। दोनों को 4 जनवरी की आधी रात कड़ी सुरक्षा में अमेरिका की धरती पर लाया गया। अब ताजा जानकारी है कि मादुरो को मैनहेटन के DEA (ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन) के ऑफिस लाया गया है। यहां कानूनी कार्यवाही पूरी की जाएगी। इसके बाद उन्हें डिटेंशन सेंटर ले जाया जाएगा।
जान लें कि ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व के तहत वेनेजुएला में 3 जनवरी को एयरस्ट्राइक शुरू की गई थी। इसी दौरान मादुरो को पकड़ने के बाद न्यूयॉर्क लाया गया। मादुरो को अमेरिका में कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
मादुरो पर न्यूयॉर्क में चलेगा केस
अमेरिकी प्रशासन के अनुसार, मादुरो पर ड्रग तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े गंभीर आरोप हैं। ऐसे में अगले हफ्ते मैनहैटन की फेडरल कोर्ट में उन पर ड्रग्स और हथियार तस्करी जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े मामलों में मुकदमा चलाया जाएगा।
अमेरिका चलाएगा वेनेजुएला- ट्रंप
इन सबके बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सबसे चौंकाने वाला बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि फिलहाल वेनेजुएला का प्रशासन अमेरिका संभालेगा।
Advertisement
ट्रंप ने शनिवार को कहा, 'हम वेनेजुएला को तब तक चलाएंगे जब तक हम एक सुरक्षित, सही और समझदारी भरा ट्रांजिशन नहीं कर लेते। इसलिए हम नहीं चाहते कि कोई और इसमें शामिल हो और हमारे सामने वही स्थिति हो जो पिछले कई सालों से थी। हम वेनेजुएला के महान लोगों के लिए शांति, आजादी और न्याय चाहते हैं।'
'वेनेजुएला की सभी मिलिट्री ताकतें बेकार'
उन्होंने आगे कहा कि दुनिया का कोई भी देश वह हासिल नहीं कर सकता जो अमेरिका ने इतने कम समय में हासिल किया। वेनेजुएला की सभी मिलिट्री ताकतें बेकार हो गईं क्योंकि हमारी सेना के जवानों ने अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर आधी रात को मादुरो को सफलतापूर्वक पकड़ लिया। अंधेरा था और यह खतरनाक था, लेकिन उन्हें उनकी पत्नी, सीलिया फ्लोरेस के साथ पकड़ लिया गया। अब दोनों को अमेरिकी न्याय का सामना करना पड़ेगा। मादुरो और फ्लोरेस पर न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले में आरोप लगाए गए हैं।
Advertisement
आपराधिक नेटवर्क का सरगना मादुरो- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि हम वेनेजुएला के लोगों को अमीर, आजाद और सुरक्षित बनाएंगे। गैर-कानूनी तानाशाह मादुरो एक बहुत बड़े आपराधिक नेटवर्क का सरगना था, जो भारी मात्रा में जानलेवा और गैर-कानूनी ड्रग्स को यूनाइटेड स्टेट्स में तस्करी करने के लिए जिम्मेदार था।