कभी पुतिन की तारीफ करने वाले ट्रंप का यूटर्न, UNGA में बोले-रूस पर भारी टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा अमेरिका अगर...
कभी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तारीफ करने वाले राष्ट्रपति ट्रंप ने अचानक से UNGA में यू-टर्न ले लिया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि अगर यूक्रेन पर हमले नहीं रोकता है तो रूस पर भारी टैरिफ लगाने की अमेरिका तैयारी कर रहा है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपना संबोधन दिया। कभी रूस के राष्ट्रपति पुतिन की तारीफ करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति ने अचानक से यू-टर्न ले लिया। हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं है, जब ट्रंप ने अपना बयान बदला है। ताजा उदाहरण भारत का ले सकते हैं। भारत को लेकर तल्ख तेवर अपनाने वाले ट्रंप SCO समिट के बाद अतानक से नरम हो गए। वहीं रूस को लेकर कुछ उल्टा देखने को मिला।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को चेतावनी दी कि अगर वह यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने से इनकार करता है, तो वह उस पर भारी टैरिफ लगाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आगे कहा कि यूक्रेन में रूस का युद्ध रूस की छवि को खराब कर रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “अगर रूस युद्ध समाप्त करने के लिए कोई समझौता करने को तैयार नहीं होता है, तो अमेरिका उस पर भारी टैरिफ लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है।” उन्होंने यूक्रेन में संघर्ष का बार-बार जिक्र किया और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अपने पिछले संबंधों को याद दिलाया।
रूस की छवि अच्छा नहीं बना रहा युद्ध: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि युद्ध खत्म करना आसान होगा, और उन्होंने बताया कि पुतिन के साथ उनके रिश्ते हमेशा अच्छे रहे हैं। उन्होंने यूक्रेन में मास्को के अभियान की आलोचना करते हुए कहा कि रूस का युद्ध "रूस की छवि को अच्छा नहीं बना रहा है।"
24 घंटे में युद्ध खत्म करने का किया था दावा
बता दें, अपनी दूसरी पारी की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पुतिन की "कठोर नेता" और "प्रतिभाशाली व्यक्ति" के रूप में प्रशंसा की, यहां तक कि पदभार ग्रहण करने के 24 घंटे के भीतर यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने का दावा भी किया था। हालांकि, जैसे-जैसे युद्ध जारी है, अमेरिकी राष्ट्रपति का लहजा बदल गया है, जो पुतिन के कार्यों से बढ़ती निराशा को दर्शाता है।
Advertisement
ट्रंप ने राष्ट्रपति पुतिन को बताया पागल
ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से पुतिन की आलोचना की है, उन्हें "पागल" कहा है और यूक्रेन युद्ध से निपटने के उनके तरीके पर निराशा व्यक्त की है। राष्ट्रपति ने पुतिन को अल्टीमेटम जारी करते हुए युद्ध को एक निश्चित समय-सीमा (50 दिन, पहले 24 घंटे और 100 दिन) के भीतर समाप्त करने की मांग की है, और प्रतिबंधों की धमकी दी। इसके अलावा अमेरिका ने यूक्रेन को सैन्य सहायता बढ़ा दी है।
पुतिन ने मुझे निराश किया- ट्रंप
इससे पहले अपने ब्रिटेन दौरे पर ट्रंप ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "उसने मुझे निराश किया है। मेरा मतलब है, वह बहुत से लोगों को मार रहा है और वह जितने लोगों को मार रहा है, उससे कहीं ज्यादा लोगों को खो रहा है। मेरा मतलब है, सच कहूं तो, रूसी सैनिक यूक्रेनी सैनिकों की तुलना में ज़्यादा दर से मारे जा रहे हैं।"
Advertisement
रूस-यूक्रेन युद्ध को सुलझाना आसान नहीं- ट्रंप
ट्रंप ने स्वीकार किया कि उन्हें लगता था कि रूस-यूक्रेन युद्ध को सुलझाना "सबसे आसान" होगा, लेकिन ऐसा नहीं था। उन्होंने आगे कहा कि अगर मैं राष्ट्रपति होता तो यह कभी नहीं होता। अगर मैं राष्ट्रपति होता, तो यह कभी नहीं होता। और यह चार साल तक नहीं हुआ। ज्यादातर लोग इस बात से सहमत हैं कि ऐसा नहीं हुआ, न ही ऐसा होने के करीब था।