US Firing: फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला अमेरिका, मिनियापोलिस में हाईराइज बिल्डिंग में फायरिंग में 2 की मौत, 3 पुलिसकर्मी घायल; शूटर ढेर

अमेरिका का मिनियापोलिस शहर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला उठा। एक हाईराइज बिल्डिंग में हुई फायरिंग की घटना में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 3 पुलिसकर्मी घायल हैं। फायरिंग में संदिग्ध भी मारा गया है।

US: 2 Dead, 3 Injured in Downtown Minneapolis Shooting
मिनियापोलिस में हाईराइज बिल्डिंग में फायरिंग में 2 की मौत, 3 पुलिसकर्मी घायल | Image: AP

अमेरिका एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। मिनियापोलिस शहर में बुधवार, 2 सितंबर की शाम हुई गोलीबारी की घटना के बाद लोग दहशत में है। शहर के बीचों-बीच स्थित एक ऊंची अपार्टमेंट बिल्डिंग में अचानक गोलियों की आवाजें गूंजीं। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि गोली चलाने वाला संदिग्ध भी मारा गया। फायरिंग की घटना में तीन पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं।

मिनियापोलिस पुलिस के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे 911 पर गोली चलने की सूचना मिली। मात्र तीन मिनट के अंदर पुलिस अधिकारी हाईराइज बिल्डिंग के अंदर पहुंच गए। वहां उन्हें गोली लगने से घायल लोग मिले। इसके तुरंत बाद ऊपर की मंजिल से फिर गोलियों की आवाज सुनाई दी। अधिकारी उस दिशा में आगे बढ़े। ऊपर की मंजिल पर धुंध जैसा माहौल था, जिससे पुलिसकर्मियों को ठीक से कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।

गोलीबारी में दी की मौत, शूटर भी ढेर

पुलिस सार्जेंट गैरेट पार्टेन ने बुधवार शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मौके पर पहुंचे अधिकारियों के सामने बेहद खौफनाक मंजर था। गोलीबारी में मारे गए दो लोगों में से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हुई। संदिग्ध की मौत कैसे हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना में मिनियापोलिस पुलिस के तीन अधिकारी भी घायल हुए, जिनमें से दो को गोली लगी थी।

तीन पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल

घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल तीनों अधिकारियों की हालत स्थिर है। पार्टेन ने कहा, "यह बेहद दुखद घटना है और हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई, जो घायल हुए और साथ ही घायल अधिकारियों और उनके परिवारों के साथ भी हैं।"

Advertisement

चश्मदीद ने बताया क्या हुआ था?

एक चश्मदीद जूलियस बेली ने बताया कि वो अपनी अपार्टमेंट बिल्डिंग के बाहर बैठे थे, तभी उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी और एक आदमी को पिस्तौल लिए देखा, जिसे वे बिल्डिंग में रहने वाले व्यक्ति के तौर पर पहचानते थे। बेली ने बताया कि उन्होंने एक महिला के चीखने की आवाज सुनी और तुरंत भागने लगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने आठ गोलियां चलने की आवाज सुनी।
 

यह भी पढ़ें: होर्मुज का नाम बदलकर 'Trump Strait' कर दें? ट्रंप का बड़ा बयान

Advertisement
Published By:
 Rupam Kumari
पब्लिश्ड