Donald Trump: होर्मुज का नाम बदलकर 'Trump Strait' कर दें? ईरान पर हमले के बाद सामने आई राष्ट्रपति ट्रंप की नई डिमांड
ट्रंप ने एक बार फिर अपना बड़बोला अंदाज दिखाते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य का नाम बदलकर 'Trump Strait' रखने का सुझाव दिया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

ईरान के साथ जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक अजीबो गरीब बयान दिया है। ट्रंप ने एक बार फिर अपना बड़बोला अंदाज दिखाते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) का नाम बदलकर 'Trump Strait' रखने का सुझाव दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य अब पूरी तरह अमेरिका के नियंत्रण में है।
अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक ट्वीट में ट्रंप ने पूछा कि क्या इस जलमार्ग का नाम बदलकर "ट्रंप स्ट्रेट" कर दिया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अब इस रणनीतिक रूप से अहम रास्ते पर अमेरिका का कंट्रोल है। हालांकि ट्रंप होर्मुज को लेकर ऐसे दावे पहले भी कर चुके हैं और ईरान हर बार इन दावों को सिरे से खारिज कर देता है।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में क्या लिखा?
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर अपने पोस्ट में लिखा, “अब जब यह क्षेत्र अमेरिका के नियंत्रण में है, तो क्या होर्मुज स्ट्रेट का नाम बदलकर ‘ट्रंप स्ट्रेट’ कर देना चाहिए? अमेरिका की तरह यह भी पहले से ज्यादा ‘हॉट’ हो जाएगा। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद। राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप।"
चरम पर अमेरिका-ईरान का तनाव
अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। दोनों देशों की सेना एक दूसरे के ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। अमेरिका ने ईरान के बंदर अब्बास को निशाना बनाया, जो होर्मुज के पास स्थित ईरान का रणनीतिक बंदरगाह शहर है। इस हमले के जवाब में ईरान ने बहरीन, कुवैत से लेकर जॉर्डन तक अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
Advertisement
पहले भी ट्रंप ने किए थे ऐसे दावे
होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक राजनीति और तेल बाजार के केंद्र में बना हुआ है। बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने किसी भौगोलिक स्थान का नाम बदलने की बात कही हो। जनवरी 2025 में दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद उन्होंने मैक्सिको की खाड़ी को ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ कहा था। हाल ही में कनाडा के साथ व्यापारिक तनाव के बीच उन्होंने लेक ओंटारियो का नाम बदलकर ‘लेक अमेरिका’ करने का आदेश भी दिया था।
ट्रंप के दावे को ईरान ने खारिज
ईरान ने ट्रंप के दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि होर्मुज पर कभी भी अमेरिका का कब्जा नहीं हो सकता। इस बीच ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बुधवार को दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आने के बाद क्षतिग्रस्त होकर रुक गए। आईआरजीसी ने उन शिपिंग कंपनियों को आगे कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
Advertisement
IRGC ने कहा कि अमेरिका के कहने पर जलडमरूमध्य में ईरान द्वारा निर्धारित मार्ग के बजाय कुछ जहाज 'अवैध मार्ग' का इस्तेमाल कर रही हैं। बता दें कि होर्मुज जलडमरूमध्य विश्व के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने से तेल बाजार और क्षेत्रीय सुरक्षा पर गहरा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।