अपडेटेड 11 January 2026 at 09:18 IST

सीरिया में ISIS के ठिकानों पर अमेरिका का बड़ा हमला, एयर स्ट्राइक कर दर्जनों ठिकानों को किया तबाह, वीडियो जारी

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सीरिया में ISIS के कई ठिकानों पर बड़े हवाई हमले किए हैं। यह ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक का हिस्सा है, जो दिसंबर 2025 में पल्मायरा में ISIS के हमले का जवाब है। CENTCOM ने हमलों का वीडियो जारी किया और चेतावनी देते हुए कहा- "हम दुनिया में कहीं भी ढूंढकर मार डालेंगे।"

US Air Strike Syria: अमेरिकी सेंट्रल कमांड (U.S. Central Command) ने शनिवार (10 जनवरी 2026) को सीरिया में इस्लामिक स्टेट (ISIS) के कई ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। ये हमले 'ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक' के तहत किए गए, जिसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर 19 दिसंबर, 2025 को शुरू किया गया था।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इन हमलों का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें अमेरिकी और सहयोगी बलों द्वारा ISIS के लक्ष्यों पर सटीक हमलों को दिखाया गया है। वीडियो में फाइटर जेट्स से किए गए हमलों के सबूत शामिल हैं, जो ISIS के बुनियादी ढांचे और ठिकानों को नष्ट करते दिख रहे हैं।

Image

हमलों का कारण

ये हमले दिसंबर 2025 में सीरिया के प्राचीन शहर पल्मायरा (Palmyra) के पास हुए एक घातक हमले का सीधा जवाब हैं। उस हमले में एक ISIS से जुड़े आतंकवादी ने घात लगाकर फायरिंग की थी, जिसमें दो अमेरिकी सैनिकों सर्जेंट एडगर ब्रायन टॉरेस-टोवर और सर्जेंट विलियम नाथनियल हॉवर्ड और एक अमेरिकी नागरिक दुभाषिए अयाद मंसूर सकात की मौत हो गई थी। इस हमले में तीन अन्य अमेरिकी कर्मी भी घायल हुए थे।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बयान में कहा, "आज के हमलों में पूरे सीरिया में ISIS को निशाना बनाया गया। यह हमारे सैनिकों के खिलाफ इस्लामी आतंकवाद को खत्म करने, भविष्य के हमलों को रोकने और क्षेत्र में अमेरिकी तथा सहयोगी सेनाओं की रक्षा करने की हमारी लगातार प्रतिबद्धता का हिस्सा है।"

Advertisement

क्या है ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक?

इसकी शुरुआत 19 दिसंबर 2025 को हुई थी। पहला बड़ा हमला 70 से अधिक ISIS ठिकानों पर हुआ, जिसमें ISIS के हथियारों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। 10 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 12:30 बजे (ईस्टर्न टाइम) कई ISIS लक्ष्यों पर बड़े पैमाने पर स्ट्राइक्स हुई। अमेरिकी सेना के साथ सीरियाई सरकार की सेनाएं और अन्य पार्टनर फोर्सेज शामिल रही।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड की सख्त चेतावनी

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने अपने बयान में कहा कि हमारा संदेश साफ है। अगर आप हमारे सैनिकों को नुकसान पहुंचाते हैं, तो हम आपको ढूंढ निकालेंगे और दुनिया में कहीं भी मार डालेंगे, चाहे आप न्याय से बचने की कितनी भी कोशिश क्यों न करें।

Advertisement

बतादें, दिसंबर 2025 के पल्मायरा हमले के बाद अमेरिका ने ISIS के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक का नाम आयोवा राज्य (हॉकआई स्टेट) में मारे गए सैनिकों की याद में रखा गया है। इन हमलों से ISIS की क्षमता को काफी नुकसान पहुंचा है और कई आतंकवादी मारे या गिरफ्तार किए गए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने वादा किया है कि ISIS के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें: पूरे देश में इंटरनेट ब्लैकआउट, शहरों की सड़कों पर धुआं-धुआं, अली खामेनेई के खिलाफ ईरान में क्या चल रहा है?

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 11 January 2026 at 09:18 IST