US-Iran War: पहले 48 घंटे, फिर 5 दिन, अब 10 दिन और... ट्रंप ने फिर लिया यू-टर्न, ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले का प्लान टाला
US-Israel Iran war: ईरान संग जारी जंग के बीच अमेरिका ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले का प्लान 10 दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ बातचीत काफी अच्छी चल रही है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

US-Israel-Iran war news: अमेरिका-इजरायल और ईरान में जंग जारी है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान संग अच्छी बातचीत जारी होने का दावा करते हुए ऊर्जा ठिकानों पर हमले का अपना प्लान 10 दिनों के लिए और टाल दिया है। उन्होंने साफ किया कि अमेरिकी सेना 6 अप्रैल तक ईरान के एनर्जी प्लांट पर हमले नहीं करेगी।
ट्रंप ने 10 दिनों का फिर दिया समय
राष्ट्रपति ट्रंप ने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth पर एक पोस्ट के जरिए दी। इसमें उन्होंने लिखा , "ईरानी सरकार के अनुरोध पर, मैं एनर्जी प्लांट को नष्ट करने की अवधि को 10 दिनों के लिए, सोमवार, 6 अप्रैल, 2026 को रात 8 बजे (ईस्टर्न टाइम) तक के लिए रोक रहा हूं।"
उन्होंने आगे कहा कि बातचीत जारी है। 'फेक न्यूज मीडिया' और अन्य लोगों द्वारा इसके विपरीत दिए गए गलत बयानों के बावजूद, बातचीत बहुत अच्छी चल रही है।
ट्रंप स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए ईरान को अल्टीमेटम दे चुके हैं। पहले उन्होंने 48 घंटों का समय दिया और कहा कि अगर ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला तो वो उनके विभिन्न पावर प्लांट्स पर हमला करके उन्हें पूरी तरह से तबाह कर देंगे। इसके बाद उन्होंने इस अवधि को 5 दिन के लिए बढ़ा दिया। अब उन्होंने अपने प्लान को फिर से 10 दिनों के लिए आगे बढ़ाने की बात कही है।
Advertisement
ईरान ने होर्मुज से 10 टैंकर पार करने की दी इजाजत
इससे पहले ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान ने अमेरिका को बहुत कीमती तोहफा भेजा है। उन्होंने कहा कि ईरान ने होर्मुज से 10 टैंकर पार करने की इजाजत दी है। वहां से 8 टैंकर रवाना हो चुके हैं और ईरान 2 टैंक और भेजेगा। इन पर पाकिस्तानी झंडे लगे हैं, जो जल्द ही उन तक पहुंच जाएंगे।
सीजफायर के लिए अमेरिका और ईरान की अपनी-अपनी शर्तें
अमेरिका और ईरान में सीजफायर की बातचीत को लेकर फिलहाल बात नहीं बन पाई है। अमेरिका अपनी शर्तों, तो ईरान अपनी शर्तों पर सीजफायर चाहता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप प्रशासन की ओर से पाकिस्तान के जरिए ईरान तक 15-सूत्रीय सीजफायर प्लान का प्रस्ताव पहुंचा गया है। पाकिस्तान ने भी दोनों पक्षों के बीच दोबारा बातचीत करवाने की पेशकश की है। वहीं, ईरान ने भी अमेरिका के सामने कई बड़ी मांगें रखी हैं।