ईरान-इजरायल जंग के बीच ब्रिटेन ने रूस के खिलाफ खोला मोर्चा, PM स्टार्मर की दो टूक- पुतिन खुशी में हाथ मल रहे लेकिन हम रूसी जहाजों को नहीं छोड़ेंगे
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने ब्रिटिश सेना को रूस के प्रतिबंधित "शैडो फ्लीट" टैंकरों को जब्त करने का आदेश दिया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने ब्रिटिश सेना को रूस के प्रतिबंधित "शैडो फ्लीट" टैंकरों को जब्त करने का आदेश दिया है। इसके तहत सेना को UK के जलक्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों पर चढ़ने की शक्तियां दी गई हैं।
UK सरकार के आदेश के अनुसार, इस नए निर्देश के तहत, UK की सशस्त्र सेनाएं और कानून प्रवर्तन एजेंसियां उन जहाजों को रोक सकती हैं जिन पर ब्रिटेन ने प्रतिबंध लगाया है, जब वे उसके जलक्षेत्र से गुजर रहे हों।
यह कदम हाल के उन अभियानों के बाद उठाया गया है जिनमें रॉयल नेवी ने यूरोपीय और भूमध्यसागरीय मार्गों पर शैडो फ्लीट के जहाजों को ट्रैक करके अपने सहयोगी देशों की मदद की थी।
क्या बोले स्टार्मर?
स्टार्मर ने कहा कि मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध को देखकर पुतिन मन ही मन खुश हो रहे हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि तेल की कीमतें बढ़ने से उन्हें अपनी जेबें भरने का मौका मिलेगा।
Advertisement
उन्होंने आगे कहा, "इसीलिए हम उनके 'शैडो फ्लीट' (गुप्त बेड़े) पर और भी सख्ती से कार्रवाई कर रहे हैं। न सिर्फ ब्रिटेन को सुरक्षित रखने के लिए, बल्कि पुतिन की उस युद्ध मशीन को उन 'गंदे मुनाफों' से वंचित करने के लिए, जिनसे यूक्रेन में चल रहे उनके बर्बर अभियान को फंडिंग मिलती है। उन्हें और उनके साथियों को इस बात में कोई शक नहीं होना चाहिए कि हम हमेशा अपनी संप्रभुता की रक्षा करेंगे और जब तक जरूरत होगी, यूक्रेन के साथ खड़े रहेंगे।"
ईरान के न्यूक्लियर प्लांट पर हमले से भड़के पुतिन
दूसरी तरफ, रूस ने बुधवार को कहा कि वह ईरान के बुशेहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के परिसर पर कथित हमले से "गहराई से नाराज" है। आपको बता दें कि इस संयंत्र का आंशिक निर्माण रूस ने ही किया था और इसके संचालन में भी वह मदद करता है।
Advertisement
रूसी विदेश मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर जारी एक बयान में कहा, "हम एक विनाशकारी रास्ते के इस लापरवाह और गैर-जिम्मेदाराना प्रदर्शन से बेहद नाराज हैं।"