अपडेटेड 5 July 2025 at 12:31 IST
कुदरत के कहर में सुपरपावर भी पस्त! अमेरिका में बाढ़ ने मचाया तांडव, अबतक 24 लोगों की मौत; 25 से अधिक लड़कियां लापता
अमेरिका के टेक्सास राज्य में भारी बारिश के कारण ग्वाडालूप नदी में आई विनाशकारी बाढ़ ने तबाही मचा दी है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

अमेरिका के टेक्सास राज्य में भारी बारिश के कारण ग्वाडालूप नदी में आई विनाशकारी बाढ़ ने तबाही मचा दी है। इस आपदा में अब तक 24 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 25 से ज्यादा लड़कियां लापता हैं। स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं राहत और बचाव कार्यों में पूरी ताकत झोंक चुकी हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति ऑल-गर्ल्स क्रिश्चियन समर कैंप कैंप मिस्टिक की है, जो ग्वाडालूप नदी के किनारे स्थित है। यहां 750 बच्चों में से 20 से 25 लड़कियां बाढ़ के बाद से लापता हैं।
शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे शुरू हुई बाढ़ के दौरान नदी का जलस्तर केवल 45 मिनट में 26 फीट तक बढ़ गया, जिससे वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। राज्य के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने बताया कि राहत और बचाव कार्य रातभर जारी रहा और शनिवार तक पूरे जोश से ऑपरेशन चलाया गया। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। वहीं, केर काउंटी में नेशनल वेदर सर्विस ने फ्लैश फ्लड इमरजेंसी घोषित की है, जहां 12 इंच तक बारिश दर्ज की गई।
167 लोगों को हेलीकॉप्टर से बचाया गया
केर काउंटी के अधिकारियों ने बताया कि अब तक कुल 237 लोगों को बाढ़ से बचाया गया है, जिनमें से 167 को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। अन्य सभी कैंपर भी सुरक्षित हैं और दिनभर के भीतर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। केर काउंटी के जज रॉब केली ने कहा, "बाढ़ इतनी तेजी से आई कि समय रहते निकासी का आदेश देना संभव नहीं था।" मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी, लेकिन बारिश की तीव्रता उम्मीद से कहीं ज्यादा थी।
Advertisement
आपदा घोषित, फेमा और कोस्ट गार्ड सक्रिय
गवर्नर एबॉट ने राज्य में आपदा घोषित कर दी है। उन्होंने बचाव कार्यों को तेज करने के लिए यूएस कोस्ट गार्ड और फेमा (FEMA) जैसी एजेंसियों को भी मैदान में उतार दिया है। लेफ्टिनेंट गवर्नर डैन पैट्रिक ने कहा कि लापता लोगों की सलामती के लिए प्रार्थनाएं जारी हैं।
Advertisement
बाढ़ से 2600 घरों की बिजली गुल
बारिश की वजह से नदी ने लोकल नाले और जलमार्गों को उफान पर ला दिया, जिससे सड़कें डूब गईं। ट्रेलर और वाहन बह गए। सैन एंटोनियो की इमरजेंसी टीमों ने हेलिकॉप्टर और ड्रोन के जरिए तलाश और बचाव कार्य शुरू किया है।
इलाके में मौजूद लोगों ने लोकल मीडिया को बताया कि बाढ़ का पानी अचानक आया और उन्हें पेड़ों पर चढ़कर जान बचानी पड़ी। बाढ़ की वजह से बिजली लाइनें गिर गईं और कर्विल के आसपास के इलाकों में लगभग 2,600 घरों की बिजली गुल हो गई।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 5 July 2025 at 12:31 IST