अपडेटेड 1 April 2025 at 09:08 IST
'इसका जिम्मेदार मैं हूं...' 9 महीने तक अंतरिक्ष में क्यों फंसे रहे सुनीता विलियम्स और विल्मोर? एस्ट्रोनॉट का बड़ा खुलासा
सुनीता विलियम्स ने यह भी बताया कि अंतरिक्ष से भारत कैसा दिखता है। उन्होंने कहा कि भारत अद्भुत है। जब भी हिमालय के ऊपर से गुजरे हर बार अविश्वसनीय तस्वीरें खींची।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 5 min read

Sunita Williams- Butch Wilmore News: 9 महीनों तक अंतरिक्ष में फंसे रहने के बाद एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान दोनों उन सभी सवालों के जवाब देते हुए नजर आए, जिसे जवाब पूरी दुनिया जानना चाहती है। बुच विल्मोर ने बताया कि उनके 9 महीने तक स्पेस में फंसे रहने के लिए जिम्मेदार आखिर कौन है?
जून 2024 में सुनीता और बुच महज 8 दिनों के मिशन के लिए अंतरिक्ष गए थे, लेकिन कुछ तकनीकी खराबी के चलते उनको वापस लाने का अभियान लंबा खींचता चला गया। 286 दिनों तक अंतरिक्ष में रहने के बाद एलन मस्क की कंपनी SpaceX के जरिए दोनों की 19 मार्च 2025 को धरती पर वापसी हुई है।
9 महीने तक अंतरिक्ष में फंसे रहने के लिए किसे ठहराया जिम्मेदार?
अंतरिक्ष से वापस आने के बाद 31 मार्च को सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर पहली बार मीडिया से बातचीत करते नजर आए और तमाम सवालों के जवाब दिए। बुच विल्मोर से जब सवाल किया गया कि उनके 9 महीने तक अंतरिक्ष में फंसे रहने के लिए वह किसे जिम्मेदार मानते हैं। तो इसके लिए बुच खुद को और बाकी सभी लोगों को जिम्मेदार ठहराते नजर आए। उन्होंने बोइंग स्टारलाइनक के धोखा देने की बातों का खंडन किया।
बुच विल्मोर ने जवाब देते हुए कहा, "क्रू फ्लाइट कमांडर के तौर पर ऐसे कई सवाल थे जो मैंने नहीं पूछे, इसलिए मैं दोषी हूं। मैं इसे देश के सामने स्वीकार करता हूं। ऐसी कई चीजें हैं, जो मुझे पूछनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया। तब मुझे इस बात का एहसास नहीं था कि उन्हें यह सवाल पूछने की जरूरत है, लेकिन अब जब पीछे मुड़कर देखता हूं तो कुछ संकेत तो मिले ही थे। अगर उंगली उठाने की बात आएगी तो मैं पहले खुद को दोषी ठहराऊंगा। बुच ने कहा कि हम सभी इसके लिए जिम्मेदार हैं, NASA और बोइंग भी।
Advertisement
उन्होंने कहा कि हम सामने आने वाली सभी समस्याओं को ठीक करेंगे। हम स्टारलाइनर को कारगर बनाने जा रहे हैं और दोबारा कोशिश की जाएगी। पहले की गलतियों से इस बार सबक लिया जाएगा।
दोबारा स्टारलाइनर से यात्रा करेंगे बुच?
वहीं, जब बुच से सवाल किया गया कि क्या वो स्टारलाइनर से दोबारा यात्रा करेंगे, इस पर बुच विल्मोर ने कहा कि हां, हम इसमें सुधार करेंगे। इसे दुरुस्त किया जाएगा और उसे काम करने लायक बनाएंगे। इस दौरान सुनीता विलियम्स भी यह कहती नजर आईं कि स्टारलाइनर बहुत सक्षम है। हालांकि कुछ चीजें हैं जिन्हें ठीक करने की जरूरत है जैसा कि बुच ने बताया है। इसके लिए सक्रिय रूप से काम किया जा रहा है।
Advertisement
धरती पर लौटने के बाद सबसे पहले क्या किया? सुनीता ने बताया
सुनीता और बुच ने मीडिया के कई सवालों के जवाब दिए। सुनीता विलियम्स से जब पूछा गया कि धरती पर लौटने के बाद उन्होंने सबसे पहले क्या किया? इस पर उन्होंने कहा कि मैंने सबसे पहले अपने पति और कुत्तों को गले लगाया। फिर एक ग्रिल्ड चीज सैंडविच खाया, जो उनके पिता की याद दिलाता था।
भारत आने पर ये बोलीं सुनीता विलियम्स
वहीं, सुनीता विलियम्स इस दौरान भारत के साथ अपने जुड़ाव पर भी बात रखती नजर आईं। उन्होंने भारत आने पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि मैं अपने पिता के देश वापस आने की उम्मीद करती हूं। एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री को एक्सिओम मिशन (Axiom Mission) के साथ अंतरिक्ष में जाते हुए देखने के लिए मैं बहुत उत्सुक हूं। वो इस दौरान भारत को एक महान देश और एक शानदार लोकतंत्र बताती नजर आईं और अंतरिक्ष के क्षेत्र में देश की प्रगति की भी सराहना की।
अंतरिक्ष से कैसा दिखता है भारत? ये भी बताया
सुनीता विलियम्स ने यह भी बताया कि अंतरिक्ष से भारत कैसा दिखता है। उन्होंने कहा कि भारत अद्भुत है। हम जब भी हिमालय के ऊपर से गुजरे हर बार बुच ने अविश्वसनीय तस्वीरें खीचीं। अंतरिक्ष से हिमालय का नजारा शानदार है। ऐसा लगता था मानो लहरें उठ रही हों और भारत में नीचे की ओर बह रही हों। उन्होंने कहा कि भारत के बहुत सारे रंग हैं। आप पूर्व से पश्चिम की ओर जाते हैं तो वहां के तटों पर मौजूद मछली पकड़ने वाली नावों का बेड़ा गुजरात और मुंबई आने का संकेत देता है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 1 April 2025 at 08:59 IST