'सऊदी अरब को अंधेरे में डुबा देंगे, Bab el-Mandeb पर भी ताला लगा देंगे, तेल की...', ट्रंप की 'सनक' पर ईरान का चढ़ा पारा; होगा 'महायुद्ध'?
अमेरिका के खर्ग आइलैंड पर भीषण हमले के बाद ईरान का पारा भी सातवें आसमान पर चढ़ गया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

अमेरिका के खर्ग आइलैंड पर भीषण हमले के बाद ईरान का पारा भी सातवें आसमान पर चढ़ गया है। ईरान ने अमेरिका को सीधी चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ईरान के पावर प्लांट पर हमला करेगा तो सऊदी अरब को अंधेरे में डुबा दिया जाएगा।
एक वरिष्ठ ईरानी सूत्र ने रॉयटर्स समाचार एजेंसी को बताया कि अगर हालात काबू से बाहर हो जाते हैं, तो ईरान के सहयोगी बाब अल-मंडेब जलमार्ग को बंद कर देंगे।
बाब अल-मंडेब जलमार्ग कितना अहम?
लाल सागर वैश्विक व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण गलियारा है, विशेष रूप से यूरोप और एशिया के बीच होने वाले व्यापार के लिए। दुनिया भर में समुद्र के रास्ते होने वाली तेल की खेप का लगभग दसवां हिस्सा आमतौर पर 'बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य' से होकर गुजरता है।
यह एक संकरा मार्ग (चोकपॉइंट) है, जिसकी चौड़ाई मात्र 16 मील है और जो अरब प्रायद्वीप को 'हॉर्न ऑफ अफ्रीका' से अलग करता है। वहीं, होर्मुज मार्ग में आई बाधाओं के चलते सऊदी अरब ने लाल सागर वाले रास्ते से तेल की खेप भेजना और भी बढ़ा दिया है। ऐसे में अगर हूती इस क्षेत्र को भी बंद कर देते हैं, तो दुनियाभर में तेल संकट बढ़ जाएगा।
Advertisement
'तेहरान तब तक लचीलापन नहीं दिखाएगा...'
बातचीत के बारे में सूत्र ने कहा कि ईरान तभी लचीलापन दिखाएगा, जब अमेरिका की तरफ से भी ऐसा किया जाएगा। एक वरिष्ठ ईरानी सूत्र ने मंगलवार को रॉयटर्स को बताया कि ईरान और अमेरिका पाकिस्तान के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान जारी रखे हुए हैं, लेकिन तेहरान तब तक लचीलापन नहीं दिखाएगा, जब तक वाशिंगटन "दबाव में आत्मसमर्पण" की मांग करता रहेगा।
वरिष्ठ ईरानी सूत्र ने, जिसने अपना नाम न बताने की शर्त रखी, कहा कि कतर ने सोमवार को अमेरिका और क्षेत्रीय देशों तक तेहरान का यह संदेश पहुंचाया कि अगर वाशिंगटन ईरान के पावर प्लांट पर हमला करता है, तो "ईरान के जवाबी हमलों से पूरा क्षेत्र और सऊदी अरब पूरी तरह से अंधेरे में डूब जाएंगे।"