Donald Trump: चीख-पुकार, बर्तनों के गिरने की आवाजें...हमले के वक्त कैसा था मंजर? होटल में मौजूद भारतीय पत्रकार ने शेयर किया LIVE VIDEO
हिल्टन होटल में 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर' के दौरान अचानक ऐसा मंजर बन गया कि लोग अपनी जान बचाने के लिए हड़बड़ी में मेजों के नीचे घुसकर छिपने लगे। कुछ घुटनों के बल बैठ गए, तो कुछ ने अपने साथ बैठे लोगों को भी नीचे खींच लिया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 4 min read

White House Correspondents’ Dinner Firing: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हिल्टन होटल में 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर' (WHCA) को संबोधित कर रहे थे, तभी अचानक गोलियों की आवाजें गूंज उठीं। गोलियों की आवाज गूंजते ही हॉल में मौजूद हर किसी के माथे पर भय और दहशत की लकीर दिखाई दी। सभी अपनी जान बचाने के लिए मेज के नीचे छिपने लगे। घटना के दौरान एक रिपोर्टर मौजूद थीं, जिन्होंने आंखों देखा हाल बयां किया है।
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्टर रीना भारद्वाज ने गोलीबारी के बाद का भयावह दृश्य अपने कैमरे में कैद किया है। उन्होंने दिखाया कि मौके पर कैसी स्थिति पैदा हो गई थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यक्रम में शरीक हुए सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए हड़बड़ी में मेजों के नीचे घुसकर छिपने लगे। कुछ घुटनों के बल बैठ गए, तो कुछ ने अपने साथ बैठे लोगों को भी नीचे खींच लिया।
रिपोर्टर ने बयां किया आंखों देखा हाल
ANI रिपोर्टर रीना भारद्वाज ने एक वीडियो जारी कर कहा, 'थोड़ी देर पहले वॉशिंगटन के हिल्टन होटल के बॉलरूम में अफरा-तफरी मच गई। राष्ट्रपति ट्रंप हमारे साथ डिनर कर रहे थे, तभी अचानक हमने एक आवाज सुनी, जैसे बर्तनों के खड़खड़ाने की आवाज हो। लेकिन कुछ ही सेकंड में मैंने देखा कि वेटर अपनी ट्रे लेकर अंदर भाग रहे थे और तब मुझे लगा कि कुछ सही नहीं है और सुरक्षा में कोई चूक हुई है।'
'गोलियां चलने के बाद होटल सील'
उन्होंने आगे कहा, ‘सभी टेबल के नीचे छिप गए। जब मुझे लगा कि अब उठना सुरक्षित है, तो मैंने देखा कि स्टेज पर राष्ट्रपति ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप को सुरक्षित जगह ले जाया जा चुका था। कुछ देर बाद कैबिनेट सदस्य स्कॉट बेसेंट, काश पटेल, पीट हेगसेथ को बाहर निकाला गया। सभी कैबिनेट सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। 30-35 मिनट बाद होटल को सील कर दिया गया था।’
Advertisement
ट्रंप ने घटना को लेकर क्या बताया?
वॉशिगंटन डीसी के हिल्टन होटल पर हुई फायरिंग की घटना पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक आदमी कई हथियारों से लैस होकर एक सुरक्षा चौकी की ओर बढ़ा। सीक्रेट सर्विस के कुछ बहुत ही बहादुर सदस्यों ने उसे काबू कर लिया। उन्होंने बहुत तेजी से कार्रवाई की और अभी-अभी, पारदर्शिता और स्पष्टता के उद्देश्य से एक टेप जारी किया गया है, जिसमें इस गुंडे की हिंसा दिखाई गई है, जिसने हमारे संविधान पर हमला किया था। साथ ही यह भी दिखाया गया है कि सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने हमारे देश की ओर से कितनी तेजी से कार्रवाई की।
एक सीक्रेट एजेंट को लगी गोली- ट्रंप
उन्होंने बताया कि फायरिंग की इस घटना के दौरान एक सीक्रेट एजेंट को गोली लगी थी, लेकिन वह इसलिए बच गए क्योंकि उन्होंने बहुत अच्छी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी। उनके मुताबिक, कानून-व्यवस्था से जुड़े अधिकारी और वॉशिंगटन डीसी पुलिस ने मेयर से बातचीत की है और हालात पर पूरी निगरानी रखी जा रही है।
Advertisement
फायरिंग करने वाला हमलावर कौन?
इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच हथियार लेकर होटल में दाखिल होने वाले संदिग्ध हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है। इस आरोपी की पहली तस्वीर भी सामने आ चुकी है। रिपोर्ट्स की मानें तो इसका नाम टॉमस एलन है, जिसकी उम्र 31 है। वह कैलिफोर्निया के टॉरेंस का रहने वाला बताया जा रहा है।