'वादा किया और निभाया...', सुनीता विलियम्स की सफल वापसी पर बोले डोनाल्ड ट्रंप, Elon Musk का किया शुक्रिया अदा
सुनीता विलियम्स अन्य तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ सकुशल धरती पर वापस लौट आई जिसके बाद व्हाइट हाउस ने मस्क और नासा का शुक्रिया अदा किया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

White House on Sunita Williams Return: 5 जून 2024... ये वो दिन था जब भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके सहयोगी बुच विल्मोर बोइंग के स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट से अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन यानि ISS पहुंचे थे। तब किसी ने सोचा नहीं था कि उनका एक हफ्ते का तय मिशन नौ महीने का हो जाएगा। खैर, अब नौ महीने का लंबा समय अंतरिक्ष में बिताने के बाद नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता और बुच धरती पर सफल वापसी कर चुके हैं। इसके लिए व्हाइट हाउस ने एलन मस्क, स्पेसएक्स और नासा का शुक्रिया अदा किया है।
जिस पल का दुनियाभर को बेसब्री से इंतजार था वह पल आज आ ही गया। सुनीता विलियम्स अन्य तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल पर बैठकर सकुशल धरती पर वापस लौट आई हैं। उनकी सफल वापसी से न सिर्फ अमेरिका में बल्कि दुनियाभर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। जाहिर है कि उनकी सेफ लैंडिंग का हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा था।
जो वादा किया उसे निभाया- व्हाइट हाउस
व्हाइट हाउस ने एस्ट्रॉनॉट्स की वापसी पर खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट साझा किया है जिसमें स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क और नासा का शुक्रिया अदा किया गया है। व्हाइट हाउस ने लिखा, 'जो वादा किया उसे निभाया। राष्ट्रपति ट्रंप ने नौ महीने से अंतरिक्ष में फंसे अंतरिक्ष यात्रियों को बचाने का वादा किया। आज, वे सुरक्षित रूप से अमेरिका की खाड़ी में उतर गए। एलन मस्क, SpaceX और नासा को धन्यवाद!'
स्पेसएक्स क्रू-9 सुरक्षित पृथ्वी पर लौटे- नासा
वहीं नासा ने जानकारी देते हुए बताया कि 'नासा के स्पेसएक्स क्रू-9 ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए एजेंसी के 9वें वाणिज्यिक क्रू रोटेशन मिशन को पूरा कर लिया और स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्ष यान में सवार होकर अमेरिका की खाड़ी में फ्लोरिडा के तल्हासी तट पर सुरक्षित रूप से उतर गया।'
Advertisement
'एस्ट्रोनॉट्स की घर वापसी से रोमांचित'
उन्होंने आगे बताया कि नासा के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स, बुच विल्मोर, निक हेग और रोस्कोस्मोस के अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोरबुनोव शाम 5 बजकर 57 मिनट (अमेरिकी समयानुसार) पर पृथ्वी पर लौट आए। नासा की कार्यवाहक प्रशासक जेनेट पेट्रो ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, 'हम सुनीता विलियम्स, बुच विल्मोर, निक और एलेक्जेंडर के घर वापसी से रोमांचित हैं। राष्ट्रपति ट्रंप के निर्देश अनुसार नासा और स्पेसएक्स ने एक महीने पहले शेड्यूल तैयार करने के लिए लगन से काम किया। इस अंतर्राष्ट्रीय चालक दल और जमीन पर मौजूद हमारी टीमों ने हमारे चालक दल को घर वापस लाने के लिए ट्रंप प्रशासन की अनूठी मिशन योजना की चुनौती को स्वीकार किया। हम तैयारी, सरलता और समर्पण के जरिये पृथ्वी की निचली कक्षा से लेकर चंद्रमा और मंगल की सीमाओं तक साथ मिलकर हर चीज हासिल कर सकते हैं।'
सुनीता ने ISS पर बिताए 286 दिन
बता दें कि सुनिया विलियम्स और बुच विल्मोर अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पर 286 दिन बिता चुके हैं। अंतरिक्ष में इतना लंबा समय बिताने के दौरान सुनीता विलियम्स ने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किया है जिसमें स्पेसवॉक से लेकर स्पेसशिप में समय बिताने तक का रिकॉर्ड शामिल है।