US: ट्रंप का खत्म नहीं हो रहा PAK प्रेम! शहबाज शरीफ के साथ आज करेंगे वन-टू-वन बातचीत, क्या है इस मुलाकात के मायने?
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ गुरुवार को राष्ट्रपति ट्रंप से व्हाइट हाउस में मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात पर भारत की पैनी नजर है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज, गुरुवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से वन-टू-वन बातचीत करेंगे। यह मुलाकात व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में भारतीय समयानुसार 2 बजे होगी। शहबाज शरीफ ट्रंप से मिलने न्यूयॉर्क से वाशिंगटन जाएंगे। इसे बस एक कूटनीतिक मुलाकात बताया जा रहा है। मगर इस मुलाकात पर भारत करीबी से नजर बनाए हुए है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) सत्र में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क में हैं। गुरुवार को वह राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने के लिए न्यूयॉर्क से वाशिंगटन की यात्रा करेंगे। व्हाइट हाउस में दोनों नेताओं की मुलाकात होगी। जुलाई 2019 के बाद से यह अमेरिकी राष्ट्रपति और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के बीच व्हाइट हाउस में पहली मुलाकात होगी, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान वाशिंगटन गए थे और राष्ट्रपति ट्रंप से मिले थे।
व्हाइट हाउस में ट्रंप से मिलेंगे शहबाज शरीफ
जनवरी में राष्ट्रपति ट्रंप के पदभार ग्रहण करने के बाद से पाकिस्तान-अमेरिका संबंधों में अप्रत्याशित बदलाव आया है। इससे पहले इस साल की शुरुआत में, ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर के साथ मुलाकात की थी। दोनों के बीच घंटों बातचीत भी हुई थी, जो एक असामान्य कदम था। चर्चा ये भी है कि आज शहबाज शरीफ के साथ मुनीर भी व्हाइट हाउस जाएंगे। अगर ये सच हुआ तो बैठक में असीम मुनीर की मौजूदगी काफी मायने रखती है।
ट्रंप ने मुनीर के साथ भी की थी बैठक
बता दें कि ट्रंप का PAK प्रेम दुनिया से छिपा नहीं है। कई मौकों पर वो पाकिस्तान के साथ रिश्तों को मजबूत करने की इच्छा जताई है। मंगलवार को भी संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान ट्रंप ने मुस्लिम बहुल देशों के नेताओं के साथ एक बैठक में शहबाज शरीफ को भी आमंत्रित किया था। इस बैठक में गाजा में इजरायल के हमलों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई। अब शहबाज शरीफ और ट्रंप के बीच बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब हाल ही में दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण व्यापारिक समझौता हुआ है।
Advertisement
भारत की मुलाकात पर पैनी नजर
भारत इस मुलाकात पर पैनी नजर रखे हुए है, क्योंकि यह संकेत देता है कि अमेरिका उस देश को करीब लाने की कोशिश कर रहा है, जिसे लंबे समय से आतंकवाद का गढ़ माना जाता है। भारत ने हमेशा पाकिस्तान पर आतंकवाद को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। ऐसे में अमेरिका का पाकिस्तानीके साथ गलबहियां करना भारत के लिए रणनीतिक चुनौती पैदा कर सकता है।