अमेरिका के सिएटल में स्पेस नीडल के पास फूड फेस्टिवल में ताबड़तोड़ फायरिंग, कई लोगों के मौत की खबर; पुलिस ने घोषित किया मास कैजुअल्टी
अमेरिका के सिएटल से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां 'बाइट ऑफ सिएटल फेस्टिवल' के दौरान अज्ञात बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी में कई लोगों को मारे जाने की खबर है
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

अमेरिका के सिएटल से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां 'बाइट ऑफ सिएटल फेस्टिवल' के दौरान अज्ञात बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी में कई लोगों को मारे जाने की खबर है। कई लोग घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को खाली करवा लिया और घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ये घटना रविवार शाम करीब 6 बजे ‘बाइट ऑफ सिएटल’ नामक वार्षिक फूड फेस्टिवल के दौरान हुई जो सिएटल सेंटर नीडल से महज एक ब्लॉक दूर है। इस फेस्टिवल में हजारों लोग शामिल होते हैं।
सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भीड़-भाड़ वाली जगह पर गोलियों की आवाज सुनाई देने और उसके बाद मची अफरा-तफरी का नजारा दिख रहा है। एक चश्मदीद ने स्थानीय मीडिया को बताया, "मैंने धमाके की आवाजें सुनीं और फिर लोग चीखने लगे।"
बाइट ऑफ सिएटल फेस्टिवल के दौरान आर्मरी के बाहर बैठी 22 वर्षीय कायला कैरिस ने न्यूज एजेंसी एपी को बताया कि गोलीबारी के बाद दहशत तेजी से फैल गई। उन्होंने कहा कि गोलीबारी के बाद लोग अचानक चीखने-चिल्लाने लगे और सिएटल सेंटर आर्मरी बिल्डिंग के अंदर भागने लगे। इस दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और हर कोई अपना सामान छोड़कर भाग रहा था।
पुलिस ने घोषित किया मास कैजुअल्टी
Advertisement
पुलिस ने इसे मास कैजुअल्टी घटना घोषित किया और पूरे इलाके को खाली करवा दिया। सिएटल पुलिस ने लोगों से अपील की कि वो उस क्षेत्र से दूर रहें, जांच जारी है। अभी तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी या उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कई एजेंसियों के अधिकारी, जिनमें FBI भी शामिल है, मौके पर मौजूद हैं।