अपडेटेड 10 March 2026 at 20:20 IST

'ईरान पर मंगलवार सबसे भारी', अमेरिकी चेतावनी के बाद ईरान हुआ आक्रामक, सऊदी-बहरीन पर किए ताबड़तोड़ हमले; कहा- दुश्मनों के मुंह पर...

ईरान ने इजराइल और खाड़ी देशों पर ड्रोन-मिसाइल हमले तेज किए हैं, जिसमें बहरीन में एक महिला की मौत हुई। अमेरिका ने ईरान में अब तक के सबसे तीव्र हमलों का दिन घोषित किया है।

Iran steps up attacks on Israel and Gulf countries US warns Day of most intense attacks
अमेरिकी चेतावनी के बाद ईरान हुआ आक्रामक | Image: AP

मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध ने नया मोड़ ले लिया है। ईरान ने इजराइल के साथ-साथ खाड़ी के कई अरब देशों पर ड्रोन और मिसाइल हमलों की नई लहर शुरू की है। दूसरी ओर, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने घोषणा की है कि मंगलवार ईरान के अंदर अमेरिकी हमलों का सबसे तीव्र दिन होगा।

ईरान के हमलों में बहरीन की राजधानी मनामा में एक आवासीय इमारत को निशाना बनाया गया, जिसमें एक 29 साल की महिला की मौत हो गई और 8 लोग घायल हुए। सऊदी अरब ने अपने पूर्वी क्षेत्र में दो ड्रोन नष्ट किए, जबकि कुवैत की नेशनल गार्ड ने छह ड्रोन को मार गिराया। संयुक्त अरब अमीरात के रुवैस इंडस्ट्रियल एरिया में एक ईरानी ड्रोन हमले से आग लग गई, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ।

इजराइल में यरुशलम और तेल अवीव में सायरन बजे और विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं, जहां इजराइली डिफेंस सिस्टम ने ईरानी हमलों को रोकने की कोशिश की। इधर, तेहरान में भी दोपहर के समय विस्फोट हुए, क्योंकि इजराइल ने नए हवाई हमले किए। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में व्यापारिक जहाजों पर हमले भी तेज कर दिए हैं, जिसमें कम से कम सात नाविकों की मौत हो चुकी है। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने घोषणा की है कि क्षेत्र से एक लीटर तेल भी नहीं जाने दिया जाएगा।

अमेरिकी की सबसे भीषण हमलों की धमकी

संयुक्त राज्य अमेरिका के रक्षा विभाग का मुख्यालय पेंटागन में अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने चेतावनी देते हुए कहा कि "पिछले 24 घंटों में ईरान ने अब तक की सबसे कम मिसाइलें दागी हैं, लेकिन आज हम ईरान के अंदर सबसे ज्यादा लड़ाकू विमान, बॉम्बर और हमले करेंगे। हमारी खुफिया जानकारी पहले से कहीं बेहतर है।"

Advertisement

ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन ने कहा कि अमेरिकी सेना ने 5,000 से अधिक ठिकानों पर हमला किया और उनके तीन टाकगेट में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन क्षमता को नष्ट करना, होर्मुज स्ट्रेट से आवागमन को आसान बनाने के लिए ईरान की नौसेना पर हमला करना, ईरान के सैन्य और औद्योगिक अड्डे में और गहराई तक हमला करना शामिल था।

ट्रंप और नेतन्याहू की चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हम इस खतरे को हमेशा के लिए खत्म कर देंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान होर्मुज स्ट्रेट में तेल की आवाजाही रोकता है, तो अमेरिका 20 गुना ज्यादा ताकत से जवाब देगा। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमले जारी रहेंगे और हम ईरानी लोगों को तानाशाही के जुए से मुक्त करने का लक्ष्य रखते हैं।

Advertisement

वैश्विक अर्थव्यवस्था पर संकट

इस युद्ध की शुरुआत 28 फरवरी, 2026 को अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों से हुई थी। अब तक ईरान में 1,230 से अधिक, लेबनान में 397, इजराइल में 11 और अमेरिकी सेना में 7 लोग मारे जा चुके हैं। होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से वैश्विक तेल व्यापार का 20% प्रभावित हुआ है। ब्रेंट क्रूड तेल की कीमत एक समय $120 तक पहुंच गई, हालांकि बाद में यह $90 के आसपास आ गई।

वर्तमान में युद्ध थमने के कोई संकेत नहीं दिख रहे। दोनों पक्ष एक-दूसरे को कड़ी चेतावनियां दे रहे हैं। सऊदी अरामको के प्रमुख अमीन नासर ने कहा कि टैंकर अब होर्मुज से बचकर रास्ता बदल रहे हैं और पूर्व-पश्चिम पाइपलाइन पूरी क्षमता से काम कर रही है। लंबे समय तक यह स्थिति बनी रही तो वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा।

ये भी पढ़ें: गैस संकट से बचने के लिए सरकार की बड़ी पहल, LPG उत्पादन में 10% बढ़ोतरी, होर्मुज स्ट्रेट की ढूंढी काट; दूसरे रास्ते से 70% ऑयल आपूर्ति शुरू

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 10 March 2026 at 20:20 IST