अपडेटेड 10 March 2026 at 19:22 IST
गैस संकट से बचने के लिए सरकार की बड़ी पहल, LPG उत्पादन में 10% बढ़ोतरी, होर्मुज स्ट्रेट का ढूंढा काट; दूसरे रास्ते से 70% ऑयल आपूर्ति शुरू
पश्चिम एशिया तनाव के बीच भारत ने घरेलू LPG उत्पादन 10% बढ़ा दिया है। अब 70% कच्चा तेल हॉर्मुज से बाहर के स्रोतों से आ रहा है। रिफाइनरियां पूरी क्षमता पर चल रही हैं।
- भारत
- 3 min read

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत ने अपनी ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के बीच सरकार ने साफ कर दिया है कि देश में रसोई गैस (LPG) की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह स्थिर हो चुकी है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, देश में घरेलू एलपीजी उत्पादन में पिछले एक सप्ताह में लगभग 10% की बढ़ोतरी की गई है।
ईरान युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़े असर से भारत में LPG की कमी की आशंका बढ़ी है। होर्मुज स्ट्रेट से तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित होने के चलते देश भर में उपभोक्ताओं में घबराहट फैल गई थी। कालाबाजारी के दावों के बीच सरकार ने रिफाइनरियों को LPG उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया है। साथ ही, घरेलू सिलेंडरों की बुकिंग के लिए न्यूनतम प्रतीक्षा अवधि को 21 से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है, ताकि जमाखोरी रोकी जा सके।
भारत में घरेलू रिफाइनरियां 100% क्षमता पर काम कर रही हैं, जिससे पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति में कोई कमी नहीं आएगी। आने वाले दिनों में अलग-अलग स्रोतों से LPG और LNG की खेपें पहुंचने की उम्मीद है। इससे वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की अस्थिरता के बावजूद भारत बेहतर स्थिति में है।
दूसरे मार्गों से हो रही 70% आपूर्ति
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कोई संकट की स्थिति नहीं है और LPG की आपूर्ति पर्याप्त है। घरेलू उत्पादन बढ़ने से रिफाइनरी उत्पादों के निर्यात पर भी कोई असर नहीं पड़ा है। भारत में अब 70% आपूर्ति होर्मुज स्ट्रेट को दरकिनार करते दूसरे मार्गों से हो रही है। पहले यह हिस्सा 55-60% के आसपास था।
Advertisement
होर्मुज स्ट्रेट से दुनिया के समुद्री मार्ग से होने वाले तेल परिवहन का पांचवां हिस्सा गुजरता है। भारत ने अब पश्चिम अफ्रीका, लैटिन अमेरिका, यूरोप और अन्य क्षेत्रों से आयात बढ़ाकर अपनी निर्भरता कम कर ली है। देश वर्तमान में 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय स्रोतों से कच्चा तेल आयात कर रहा है।
उच्च स्तरीय LPG समिति गठित
कमर्शियल सेक्टर, खासकर होटल और रेस्तरां में LPG सिलेंडर की कमी की शिकायतों के जवाब में सरकार ने एक उच्च स्तरीय LPG समिति गठित की है। इस समिति में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के कार्यकारी निदेशक शामिल हैं। समिति का मुख्य उद्देश्य होटल-रेस्तरां से सीधा संवाद करना, कमर्शियल जरूरतों को पूरा करना और घरेलू आपूर्ति को प्रभावित किए बिना आवंटन को प्राथमिकता देना है।
Advertisement
कुल मिलाकर, पश्चिम एशिया में जारी अस्थिरता के बावजूद भारत ने अपनी ऊर्जा आपूर्ति को मजबूत बफर और अलग-अलग चैनलों के जरिए सुरक्षित बनाया है। सरकारी सूत्रों का कहना है कि देश कई वैश्विक साथियों की तुलना में बेहतर तैयार है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 10 March 2026 at 18:40 IST